दतिया कलेक्टर एवं एसपी ने 150 से अधिक आवेदनों पर की जनसुनवाई, उद्यम क्रांति योजना के तहत हितग्राहियों को 38.75 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान

खबर आपतक न्यूज़ इंडिया जिला दतिया सहसंपादक चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव रिपोर्टर चेतन दास सुखानी मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत तगा में जनकल्याण शिविर आयोजित कलेक्टर एवं एसपी ने 150 से अधिक आवेदनों पर की जनसुनवाई, उद्यम क्रांति योजना के तहत हितग्राहियों को 38.75 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान
दतिया/मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज तगा में कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल की अध्यक्षता में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याएं सुनी गईं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शिविर में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए 150 से अधिक आवेदनों पर जनसुनवाई की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उद्यमियों को मिला स्वरोजगार का संबल, 38.75 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित शिविर में आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत दो हितग्राहियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इसमें हितग्राही भरत हसवानी को बेकरी व्यवसाय के लिए 20 लाख रुपये तथा साहित्य त्रिपाठी को इलेक्ट्रॉनिक एवं फर्नीचर स्टोर स्थापित करने के लिए 18.75 लाख रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। दोनों हितग्राहियों ने स्वरोजगार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए शासन द्वारा संचालित उद्यम क्रांति योजना के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने योजना से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। पीएम श्री विद्यालय में मंत्रोच्चार के साथ किया मां सरस्वती का पूजन, बच्चों से अंग्रेजी एवं गणित के पूछे सवाल जनकल्याण शिविर के दौरान कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल ने तगा स्थित पीएम श्री विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंत्रोच्चार के साथ मां सरस्वती का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और अंग्रेजी एवं गणित विषय से संबंधित प्रश्न पूछे। बच्चों द्वारा आत्मविश्वास के साथ दिए गए जवाबों से दोनों अधिकारी प्रसन्न हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए बधाई दी। कलेक्टर ने कहा कि विद्यालयों के निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहकर अध्यापन कार्य करें तथा विद्यार्थियों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन भी उपलब्ध होता रहे। बच्चों का शैक्षणिक स्तर बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों को निरंतर प्रयास करने चाहिए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने के साथ-साथ शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

Comments