*शारदीय नवरात्रि एवं दीपावली दोज मेले की तैयारियां युद्धस्तर पर*

खबर आपतक न्यूज़ इंडिया
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी

*शारदीय नवरात्रि एवं दीपावली दोज मेले की तैयारियां युद्धस्तर पर* 

 *माता रतनगढ़ वाली मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन पर प्रशासन का विशेष फोकस* 

सेवढा / दतिया  कलेक्टर  एवं पुलिस अधीक्षक दतिया द्वारा आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में माता रतनगढ़ वाली मंदिर पर आगामी शारदीय नवरात्रि मेला एवं दीपावली दोज मेला 2026 की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा मेले के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विभागों के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
 *शारदीय नवरात्रि मेला 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक तथा दीपावली दोज मेला 9 से 11 नवम्बर 2026 तक*
 दोनों प्रमुख धार्मिक आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए मंदिर परिसर, पहुंच मार्ग एवं मेला क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाओं का व्यापक स्तर पर प्रबंध किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं
मेला अवधि में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, दर्शन व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर संबंधित विभागों द्वारा कार्य किया जा रहा है। मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं मार्ग व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। वाहनों की सुचारु आवाजाही एवं पार्किंग के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि मेला क्षेत्र में अनावश्यक जाम एवं अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।
*सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान..*
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा आवश्यकता के अनुसार भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मंदिर एवं मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी प्रभावी बनाया जा रहा है। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार एवं निर्देश जारी कर रहे हैं।
*विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश*
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण करें। मेला क्षेत्र में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाएंगी तथा मेला अवधि में व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि माता रतनगढ़ वाली मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो। 
*श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील*
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने माता रतनगढ़ वाली मंदिर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेला व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करें। श्रद्धालु निर्धारित मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, कतारबद्ध होकर दर्शन करें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्य एवं संयम बनाए रखें।
श्रद्धालुओं से अपील है कि वे अपने साथ अनावश्यक सामान न लाएं तथा बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी को प्रसारित करने से बचें। किसी भी आपात स्थिति, संदिग्ध गतिविधि अथवा किसी प्रकार की समस्या की स्थिति में श्रद्धालु तत्काल मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अमले को सूचना दें। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मंदिर एवं मेला परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने तथा पर्यावरण एवं सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे शांतिपूर्वक, अनुशासित एवं सुरक्षित तरीके से मेले में शामिल हों और प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करते हुए माता रतनगढ़ वाली के दर्शन का लाभ प्राप्त करें।

Comments