KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
जिला ब्यूरो चीफ महेंद्र खटीक
*मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री वर्मा का कोलारस में औचक निरीक्षण*
*स्कूल, आंगनबाड़ी, उपस्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाएं परखीं*
*लापरवाही पर सचिव जीआरएस पर कार्यवाही के निर्देश*
शिवपुरी, 21 अगस्त 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज कोलारस क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल, आंगनबाड़ी, उपस्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
*गुणवत्ताविहीन भोजन पर सख्त रुख: मध्याह्न भोजन समूह को हटाने के निर्देश*,
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय सेसई सड़क एवं बाल शिक्षा केंद्र (आंगनवाड़ी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन खाया और उसकी गुणवत्ता परखी। भोजन बच्चों के पोषण स्तर के अनुरूप न पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने भोजन प्रदाय करने वाले समूह को हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्कूल एवं आंगनवाड़ी परिसर में स्वच्छता व्यवस्था में कमियां पाई गईं। परिसर में गंदगी एवं अव्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने लापरवाही बरतने पर ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक के विरुद्ध नियम अनुसार कढ़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
*आरोग्यम उप स्वास्थ्य केंद्र सेसई सड़क का निरीक्षण*
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने आरोग्यम उप स्वास्थ्य केंद्र सेसई सड़क का औचक निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में संधारित टीकाकरण पंजी, ओपीडी रजिस्टर, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्ड वितरण की प्रगति तथा ब्लड सैंपल किट की उपलब्धता का गहनता से अवलोकन किया।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने आयुष्मान कार्ड वितरण कार्य में गति लाने के निर्देश दिए, साथ ही प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले नियमित टीकाकरण सत्रों में गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। जो नागरिक या हितग्राही केंद्र तक नहीं पहुंच रहे हैं, उन्हें स्वास्थ्य टीम के माध्यम से जागरूक कर केंद्र पर लाने और शत-प्रतिशत कवरेज हासिल करने के निर्देश दिए गए।
*स्वच्छता में लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस एवं विकास कार्यों की 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट*
निरीक्षण के दौरान स्कूल, आंगनवाड़ी एवं उप स्वास्थ्य केंद्र के बाहर फैली गंदगी और अव्यवस्था पर कलेक्टर श्री वर्मा ने गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों और आमजनों के लिए स्वच्छ वातावरण को अनिवार्य बताते हुए जनपद सीईओ को स्वास्थ्य केंद्र के बाहर सफाई और अन्य व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में घोर लापरवाही बरतने पर संबंधित ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने ग्राम रोजगार सहायक से प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली।
*आदि सेवा केंद्र का निरीक्षण, विकास कार्यों की मांगी रिपोर्ट*
इसके बाद, कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने ग्राम पंचायत पडोरा स्थित 'आदि सेवा केंद्र' का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र के सुचारू संचालन का जायजा लेते हुए इसे नियमित रूप से खोलने तथा परिसर में अनिवार्य रूप से स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण जनों को शासकीय सेवाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके।
इसके साथ ही, कलेक्टर ने पंचायत क्षेत्र में प्रगतिरत एवं स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने उपयंत्री को निर्देशित किया कि पंचायत अंतर्गत स्वीकृत समस्त निर्माण व विकास कार्यों की विस्तृत एवं अद्यतन रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए, जिससे कार्यों की गुणवत्ता और गति सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव, जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज, सहित, डीपीसी श्री दफेदार सिंह एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment