KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
शिवपुरी ब्यूरो महेंद्र खटीक
*संभागायुक्त श्री खत्री ने सांदीपनि स्कूल खनियाधाना के प्राचार्य को किया निलंबित*
*कलेक्टर श्री वर्मा के प्रतिवेदन के बाद प्रैक्टिकल के अंकों में हेरफेर के मामले में हुई कार्रवाई*
*5 शिक्षकों पर होगी कार्रवाई*
शिवपुरी, 24 अगस्त 2026/ संभागायुक्त ग्वालियर श्री मनोज खत्री ने शासकीय सांदीपनि विद्यालय खनियाधाना में 12वीं की बोर्ड परीक्षा के प्रैक्टिकल एवं प्रोजेक्ट अंकों में गंभीर गड़बड़ी और लापरवाही के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राचार्य श्री टेकचंद जैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और निलंबन अवधि में कलेक्टर कार्यालय में मुख्यालय रहेगा।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के प्रतिवेदन के बाद यह सख्त कार्यवाही की गई है।इस मामले में जाँच दल गठित किया गया। संयुक्त जांच दल द्वारा प्रतिवेदन में सामने आया कि संस्था में परीक्षक द्वारा दिए गए मूल अंकों को बोर्ड के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करते समय हेरफेर की गई, परीक्षा प्रभारी व शिक्षकों के बच्चों को नियम विरुद्ध शत-प्रतिशत अंक प्रदाय किए गए और स्कूल में कम उपस्थिति वाली छात्राओं की फर्जी उपस्थिति दर्शाकर अधिकतम अंक दिए गए।
*इस प्रकरण में संलिप्त 5 उच्च माध्यमिक शिक्षकों के विरुद्ध होगी कार्यवाही*
प्राचार्य के अलावा प्रकरण में संलिप्त 5 उच्च माध्यमिक शिक्षकों पर भी कार्यवाही की जाएगी। शिक्षक श्रीमती प्रीति शर्मा, श्री नरेन्द्र रावत, श्री धर्मेन्द्र सिंह बैस, श्री नीरज सोनी और श्री मोहन सोनी को भी इस अनियमितता पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था जिनके द्वारा प्रस्तुत कारण बताओ नोटिस के उत्तर असंतोषजनक पाए गए हैं। संभागायुक्त श्री खत्री ने निर्देश दिए हैं कि इन सभी शिक्षकों के विरुद्ध म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-14 के तहत कार्यवाही की जाएगी। इस संबंध में 07 दिवस के अंदर प्रारूप आरोप पत्र भिजवाने के निर्देश दिए हैं।
Comments
Post a Comment