*जिला न्यायालय में मनाया गया उल्लास महोत्सव*

दतिया 17 अगस्त 2026/ मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के निर्देशों के अनुपालन में जिला एवं सत्र न्यायालय दतिया में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय चंद्र के सक्षम नेतृत्व एवं सार्थक मार्गदर्शन में 13 से 15 अगस्त तक "उल्लास – एक अभिनव प्रयोग" नामक एक अनूठे भव्य एवं सफल मनोरंजक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें न्यायालय के कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान म्यूज़िकल स्टैच्यू, "लुक साइड एंड लुक डाउन", 100 मीटर दौड़, लेमन-स्पून रेस, रंगोली प्रतियोगिता, गीत पहचान प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस, प्रश्नोत्तरी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें न्यायालय के कर्मचारियों एवं उनके बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायक क्षण उस समय आया जब दिव्यांग बच्चों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उन्होंने एक सुंदर नृत्य प्रस्तुति देकर सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया। उनकी प्रतिभा एवं उत्साह की सराहना करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय चंद्र ने उन्हें पुरस्कार, "उल्लास" थीम पर आधारित टी-शर्ट एवं कॉफी मग, तथा सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। जिला रजिस्ट्रार श्री देवेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी प्रकार के कार्यक्रम आगामी गांधी जयंती, बाल दिवस तथा अन्य राष्ट्रीय महत्व के अवसरों पर भी आयोजित किए जाएंगे, जिसका उद्देश्य न्यायिक अधिकारियों एवं स्टाफ के मध्य भाईचारे एवं एकता की भावना को सुदृढ़ करना है। इस प्रकार के प्रयासों से सभी के कल्याण के साथ-साथ न्यायालयीन कार्यों के सुचारु संचालन में भी सहायता मिलेगी, जिसका अंतिम लाभ वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को प्राप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय चंद्र, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री अशोक गुप्ता, विशेष न्यायाधीश श्री अखिलेश धाकड़, जिला न्यायाधीशगण सुश्री सविता जड़िया, श्री सुदीप श्रीवास्तव, श्री ओ पी रघुवंशी, श्रीमती मंजूषा टेकाम एवं श्री राजेश भंडारी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री सतीश वसुनिया, डीएलएसए सचिव श्रीमती निधि पिंटो, जिला रजिस्ट्रार श्री देवेश मिश्रा, तथा मजिस्ट्रेटगण श्रीमती संध्या देवेश मिश्रा, श्री विजिताश्व पुष्कर, श्रीमती ज्योति कुंवल एवं श्री स्वप्निल वर्मा अपने-अपने परिवारजनों सहित उपस्थित रहे।

Comments