लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें बैंक, पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ - कलेक्टर वानखड़े
KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें बैंक, पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ - कलेक्टर वानखड़े
स्वरोजगार से आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन हमारी प्राथमिकता
बैंक परिसरों के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग पर होगी सख्त कार्यवाही
दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक आज मंगलवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में शासन की विभिन्न स्वरोजगार एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों की बैंकवार प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वानखड़े ने लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश बैंक प्रबंधकों को दिए। बैठक में दतिया विधायक श्री घनश्याम सिंह, एलडीएम सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि व संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में उद्योग विभाग, पशुपालन विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, उद्यानिकी एवं कृषि विभाग, डूडा, एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण, लंबित आवेदनों एवं निरस्त प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिन बैंकों की प्रगति कम पाई गई, उन्हें ऋण वितरण में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री वानखड़े ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन आवेदकों के ऋण आवेदन निरस्त हुए हैं, उनसे संपर्क कर निरस्तीकरण का कारण जानें और आवश्यक सहायता प्रदान करें। लंबित प्रकरणों में भी संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित कर ऋण वितरण की कार्रवाई में तेजी लाई जाए। उन्होंने दतिया, भाण्डेर एवं सेवढ़ा में दिवस एवं स्थान निर्धारित कर आवेदकों को बुलाकर उनके प्रकरणों का सत्यापन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविरों में भी ऐसे आवेदकों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं बीमा योजनाओं, विशेषकर दुर्घटना बीमा योजनाओं से जोड़ा जाए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को भी इन योजनाओं का लाभ दिलाने तथा पात्र हितग्राहियों को कामधेनु योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
बैंक परिसरों के आसपास पार्किंग व्यवस्था पर सख्ती
बैठक में यातायात थाना प्रभारी द्वारा बैंक परिसरों के आसपास पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था से संबंधित मुद्दे रखे गए। इस पर कलेक्टर श्री वानखड़े ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बिना निर्धारित पार्किंग के सड़क पर वाहन खड़े पाए जाने पर चालानी कार्यवाही की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर वाहन टो करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। नो पार्किंग में लगे वाहन को 48 घंटे लॉक कर जब्ती की कार्यवाही की जाए। बैंक के स्टाफ द्वारा भी नो पार्किंग एरिया में वाहन पार्क करने पर कार्रवाई की जाए और तत्काल फाइन इंपोज किया जाए।
एचडीएफसी बैंक राजगढ़ चौराहा, एसबीआई गांधी रोड, सेंट्रल बैंक गांधी रोड, पीएनबी गांधी रोड एवं एसबीआई आनंद टॉकीज सहित संबंधित बैंक प्रबंधको को पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए गए। कैश वाहनों के गलत दिशा से प्रवेश पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था में अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अनुपस्थित रहे कुछ बैंक प्रबंधकों को भी जवाब सहित कलेक्ट्रेट में उपस्थित होने के निर्देश एलडीएम के माध्यम से दिए गए।
स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे व्यवसायियों तक पहुंचें योजनाएं
कलेक्टर श्री वानखड़े ने निर्देश दिए कि शासन की ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ अधिकतम पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सब्जी मंडी एवं अन्य स्थानीय क्षेत्रों में विशेष प्रयास किए जाएं, जहां बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स एवं छोटे व्यवसायी कार्यरत हैं। उन्हें योजनाओं की पात्रता एवं आवश्यक शर्तों की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।
कलेक्टर श्री वानखड़े ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। ऋण स्वीकृति के उपरांत व्यक्ति स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बने तथा अन्य लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित हों, यही हमारा उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की अगली बैठक अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी बैंक प्रबंधकों से ऋण वितरण एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण में अपेक्षित प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

Comments
Post a Comment