KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया। कलेक्टर स्वप्निल बानखड़े के निर्देशन में 27 नवंबर को जिले में 100 दिवसीय बाल विवाह के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ शांति इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, कलापुरम में किया गया। कार्यक्रम में जागरूकता सत्र, संबोधन एवं सामूहिक शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद उपाध्याय, महिला एवं बाल विकास विभाग की जनसंपर्क अधिकारी निहारिका मीणा, शांति इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य रोहित बिरथरे, जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एवं धरती संस्था के संचालक देवेंद्र भदौरिया, जिला समन्वयक श्रीराम चतुर्वेदी, ब्लॉक समन्वयक अंशुराज दीक्षित, धीरसिंह कुशवाह एवं आकाश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका सुरभि यादव ने किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद उपाध्याय ने 100 दिवसीय अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह अभियान तीन चरणों में संचालित होगा। प्रथम चरण में स्कूलों व कॉलेजों में शपथ, हस्ताक्षर अभियान और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। दूसरे चरण में मंदिर, मस्जिद, चर्च, वेडिंग हॉल, बैंड पार्टी, डीजे, कैटरर और टेंट हाउस जैसे विवाह से जुड़े सर्विस प्रदाताओं को जागरूक किया जाएगा। तीसरे चरण में ग्राम पंचायतों और नगर वार्ड स्तर पर समुदाय को जोड़कर अभियान की जिम्मेदारी को मजबूत किया जाएगा। कलेक्टर स्वप्निल बानखड़े ने संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह प्रथा बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर गहरा नकारात्मक प्रभाव डालती है। किशोरियों में कम उम्र में गर्भधारण से गंभीर स्वास्थ्य जोखिम बढ़ते हैं, जिससे मातृ-शिशु मृत्यु दर में वृद्धि होती है। बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के तहत यह दंडनीय अपराध है और इसमें शामिल सभी व्यक्तियों पर कार्रवाई की जाती है। कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय कंट्रोल रूम (07522-299213), 1098 और 112 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी भी दी गई। अंत में कलेक्टर बानखड़े, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ लेकर जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद उपाध्याय ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Comments
Post a Comment