दतिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नशामुक्त मध्यप्रदेश की दिशा में दतिया की प्रभावी पहल को राष्ट्रीय सराहना।
KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नशामुक्त मध्यप्रदेश की दिशा में दतिया की प्रभावी पहल को राष्ट्रीय सराहना
भारत सरकार ने दतिया के नशामुक्ति अभियान को बताया अन्य जिलों के लिए अनुकरणीय मॉडल
दतिया 09 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा नशे के दुष्प्रभावों से समाज को मुक्त करने और जन-जागरूकता को व्यापक स्वरूप देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को दतिया जिले में प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। जिले में नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत किए गए व्यापक जन-जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रयासों को अब राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली है।
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने दतिया जिले में संचालित नशामुक्ति अभियान की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य जिलों के लिए अनुकरणीय एवं मूल्यवान मॉडल बताया है। मंत्रालय के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त सचिव डॉ. संदीप रेवाज राठौड़ ने 7 अगस्त 2026 को कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री स्वप्निल वानखेड़े को भेजे डी.ओ. पत्र में जिले द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की है।
नशामुक्त सप्ताह में व्यापक जन-जागरूकता अभियान
दतिया जिले में 17 जून से 26 जून 2026 तक नशामुक्त सप्ताह के दौरान नशे के दुष्परिणामों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
भारत सरकार ने जिले के व्यापक आउटरीच एवं जन-जागरूकता प्रयासों को उल्लेखनीय एवं प्रभावशाली बताया है। जागरूकता के साथ पहचान और पुनर्वास पर भी जोर दतिया जिले की कार्यप्रणाली की विशेषता यह रही कि अभियान को केवल जन-जागरूकता तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि नशे का सेवन करने वाले व्यक्तियों की पहचान, सामुदायिक सहभागिता तथा उनके पुनर्वास के लिए भी समन्वित प्रयास किए गए। मंत्रालय ने जिले की इस कार्यप्रणाली को सुसमन्वित एवं परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण का उदाहरण माना है।
अंतर-विभागीय समन्वय और निगरानी व्यवस्था की सराहना
नशामुक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में स्थापित संस्थागत व्यवस्थाओं की भी भारत सरकार ने सराहना की है। इन व्यवस्थाओं से निगरानी, अंतर-विभागीय समन्वय और जवाबदेही को मजबूत करने में मदद मिली है।
दतिया की पहल अन्य जिलों के लिए अनुकरणीय
भारत सरकार के संयुक्त सचिव ने दतिया जिले की प्रगति को नशामुक्त भारत के राष्ट्रीय उद्देश्य को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए जिले की कार्यप्रणाली को अन्य जिलों के लिए मूल्यवान मॉडल के रूप में उपयोगी बताया है।
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनभागीदारी से नशामुक्ति की ओर बढ़ता मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप मध्यप्रदेश में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। दतिया में संचालित अभियान इसी दिशा में प्रशासन, विभिन्न विभागों, संस्थाओं और आमजन की सामूहिक सहभागिता का उदाहरण बनकर सामने आया है।
भारत सरकार से मिली यह सराहना दतिया जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे नशामुक्त भारत अभियान के तहत जिले में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है और जनभागीदारी आधारित नशामुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई ऊर्जा मिली है।
Comments
Post a Comment