KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी, रामलाल गौतम
दतिया जिले के सेवड़ा स्थित सुप्रसिद्ध सनकुआं धाम पर लोक आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक ऐतिहासिक सनकुआं मेले का भव्य शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में आज बुधवार को संपन्न हुआ।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने अपने उद्बोधन में कहा कि सनकुआं धाम राज्य की धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहर है। उन्होंने कहा कि यह मेला क्षेत्र की एकता और सांस्कृतिक गौरव का परिचायक है तथा यह आस्था का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि संकुआ धाम की धरती पर ब्रम्हा जी के मानस पुत्र सनक, सनन्दन, सनातन एवं सनतकुमार जी द्वारा तपस्या की गई । उनकी तपस्या से यह धरती सिद्ध और पावन हुई।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बहुत वर्षों पहले हमारे देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा इस मेले का उद्घाटन किया गया था जो कि हम सब के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा की एक अच्छे आर्किटेक्ट से जन सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए संकुआ धाम का मास्टर प्लान बनवाया जाए। जिससे यह तीर्थ और भी आकर्षक और सुविधाजनक बन सके। उन्होंने कहा कि संकुआ धाम को सिर्फ मेले के समय नहीं, बारह मासी तीर्थ के रूप में विकसित करें। साथ ही उन्होंने कहा की नई पीढ़ी को इस तीर्थ के बारे में अवगत करने एवं तीर्थ की ऐतिहासिकता को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने हेतु आसपास के क्षेत्र में जन जागरण करें।
इस अवसर पर सेवड़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल , नगर परिषद सेवडा अध्यक्ष श्रीमती आशा गोविंद नागिल सहित गणमान्य नागरिक, प्रतिनिधि एवं शासकीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।


Comments
Post a Comment