कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक लेकर दिए सख्त निर्देश।

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA 
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव 
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी 

दतिया 08 दिसंबर 2025/ कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में आज सोमवार 8 दिसंबर को नवीन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति, विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को समय पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष फोकस*
कलेक्टर ने ANC, PNC पंजीयन, संस्थागत प्रसव, हाई रिस्क डिलीवरी, टीकाकरण तथा एनीमिया नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा हाई रिस्क महिलाओं को समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
*सीएम हेल्पलाइन मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर*
बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र और संतुष्टि-आधारित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिकता निभाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि आम नागरिक की संतुष्टि ही प्राथमिकता होनी चाहिए।
*टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा*
कलेक्टर ने टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक लोगों को निःक्षय मित्र बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टीबी रोगियों को शासन द्वारा दी जाने वाली पोषण सहायता समय पर मिले तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
*स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रमुख निर्देश*
कलेक्टर श्री वानखड़े ने बैठक में निम्न प्रमुख निर्देश दिए—
1. सभी स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
2. गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को समय पर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
3. टीकाकरण में कोई भी बच्चा छूटने न पाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
4. एम्बुलेंस सेवाएं 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित रहें।
5. फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण किए जाएं एवं लापरवाहियों पर कार्रवाई की जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित जिले के सभी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments