KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
नेशनल लोक अदालत की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित
पिछले आयोजन की नेशनल लोक अदालत सफलता पर कलेक्टर व एसपी को सम्मानित किया
दतिया।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला न्यायालय के सभाकक्ष में आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों के संबंध में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नेशनल लोक अदालत के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु विस्तार से चर्चा की तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।बैठक की शुरुआत में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार श्रीवास्तव ने पिछले माह आयोजित लोक अदालत के उत्कृष्ट आयोजन पर कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा को प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह ने न केवल पिछले प्रयासों की सराहना की, बल्कि आगामी लोक अदालत के लिए उत्साह भी जगाया। श्री श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा लोक अदालत आम जनता के लिए न्याय की सुलभ व्यवस्था है। पिछले आयोजन में प्राप्त सफलता हमें प्रेरित करती है कि इस बार और अधिक मामलों का निपटारा करें।बैठक के दौरान बताया गया कि आगामी 14 मार्च को पूरे दतिया जिले के सभी न्यायालयों में नेशनल लोक अदालत का आयोजन होगा।जिसमें आपराधिक,सिविल, पारिवारिक विवाद, बैंक रिकवरी, विद्युत बिल, पीडब्ल्यूडी तथा श्रम संबंधी लंबित मामलों का सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने पहले से ही पूर्व- सुलह बैठकों का दौर शुरू कर दिया है, ताकि अधिक से अधिक मामले लोक अदालत तक पहुँचने से पहले ही निपटाए जा सकें। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि आपसी सहमति वाले मामलों को प्राथमिकता दी जाए तथा पक्षकारों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।इस अवसर पर कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने कहा कि जिला प्रशासन पूर्ण सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्व-सुलह बैठकों से हमारा लक्ष्य है कि लोक अदालत में शत -प्रतिशत मामलों का निपटारा हो। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने भी आपराधिक मामलों के शांतिपूर्ण समाधान पर बल देते हुए कहा पुलिस विभाग लंबित मामलों की सूची तैयार कर चुका है तथा पक्षकारों से संपर्क कर रहा है। पुलिस विभाग द्वारा नोटिसों की शत प्रतिशत तामीली कराने का प्रयास करेगा।बैठक में विशेष न्यायाधीश अखिलेश कुमार धाकड़, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्ययालय अशोक कुमार गुप्ता, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सतीश वसुनिया, सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री निधि पिंटो, व्यवहार न्यायाधीश प्रथम श्रेणी देवेश अग्रवाल, पीडब्ल्यूडी कार्यपालन यंत्री, विद्युत विभाग के एसडीओ, पीएचई, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment