सीएमएचओ ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छिकाऊ का किया आकस्मिक निरीक्षण

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव रिपोर्टर चेतन दास सुखानी दतिया।डॉ. बी.के. वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दतिया द्वारा बुधवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छिकाऊ का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य केन्द्र में संचालित सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना था।निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने स्वास्थ्य केन्द्र में संचालित ओपीडी कक्ष, स्टोर शाखा, दवा वितरण केन्द्र, डे-केयर यूनिट तथा एएनसी कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने हाजरी रजिस्टर, दवा स्टॉक रजिस्टर, मरीज पंजीयन रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों की भी जांच की। उन्होंने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों से सेवाओं की निरंतरता,दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) से चर्चा करते हुए सीएमएचओ डॉ. वर्मा ने प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, टीकाकरण गतिविधियों तथा डे-केयर सेवाओं की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। सीएचओ द्वारा अवगत कराया गया कि स्वास्थ्य केन्द्र में आने वाले सभी मरीजों एवं हितग्राहियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं समुचित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।उल्लेखनीय है कि सीएमएचओ डॉ. वर्मा को मोबाइल के माध्यम से किसी व्यक्ति द्वारा यह शिकायत प्राप्त हुई थी कि उक्त स्वास्थ्य केन्द्र प्रायः बंद रहता है तथा मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध नहीं हो पाता। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने बिना पूर्व सूचना के मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र खुला पाया गया तथा सभी आवश्यक सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती मिलीं।दवाओं की उपलब्धता, अभिलेखों के संधारण तथा स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। मरीजों से भी चर्चा कर उनसे स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया गया, जिसमें अधिकांश मरीजों ने सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।निरीक्षण उपरांत सीएमएचओ डॉ. वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग आमजन को बेहतर एवं पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर विभाग द्वारा तत्परता से जांच की जाती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि छिकाऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के संबंध में प्राप्त शिकायत निरीक्षण में निराधार पाई गई है।सीएमएचओ ने स्वास्थ्य केन्द्र के समस्त स्टाफ को निर्देशित किया कि वे सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखें तथा मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें।साथ ही अभिलेखों का अद्यतन संधारण एवं दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण किया जाता रहेगा, ताकि आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर प्राप्त होती रहें।

Comments