KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने आज कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में पीतांबरा पीठ मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर जाप एवं ध्यान करने वाले पुजारियों तथा पुजारी समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के सुचारू आवागमन तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर ने कहा कि पीतांबरा पीठ मंदिर देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि मंदिर परिसर की व्यवस्थाएं इस प्रकार बनाई जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनका आवागमन सुचारू रूप से बना रहे।
बैठक के दौरान पुजारी समिति के सदस्यों ने बताया कि परंपरानुसार पुजारीगण मंदिर परिसर में बैठकर पाठ-पूजा एवं जाप करते रहे हैं।
इस पर कलेक्टर ने सभी पक्षों के साथ समन्वय बनाते हुए ऐसी व्यवस्था बनाने पर बल दिया, जिससे परंपरा का सम्मान भी बना रहे और श्रद्धालुओं के आवागमन में भी कोई बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में उपस्थित पुजारी समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि मानते हुए सहमति जताई कि शनिवार, आरती के समय तथा त्योहारों के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है, ऐसे समय में मंदिर परिसर के मुख्य आवागमन मार्गों पर बैठकर जाप एवं ध्यान नहीं किया जाएगा। पुजारी समिति ने मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने में प्रशासन के साथ सहयोग करने का आश्वासन भी दिया।
बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने पर सभी ने सहमति व्यक्त की।
Comments
Post a Comment