KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
संपादक साहिल खान
डॉ भूपेंद्र विकल
*नई दिल्ली*। पत्रकारों के लिए रविवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण रहा, जब इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनावी प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव के दिन तक सभी अन्य उम्मीदवारों द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद नरेश कुमार शर्मा को संगठन का निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया।
जानकारी के अनुसार, नरेश कुमार शर्मा को देश के करीब 11 राज्यों से समर्थन प्राप्त हुआ, जबकि लगभग आठ राज्यों से पत्रकार संगठनों के पदाधिकारी और पत्रकार दिल्ली में आयोजित चुनावी प्रक्रिया में शामिल हुए।
निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने के बाद नरेश कुमार शर्मा ने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों, उनके कल्याण, पत्रकार सुरक्षा कानून, सरकारी सुविधाओं और पत्रकारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि संस्था पत्रकारों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार कार्य करेगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय चुनाव प्रभारी शंकर दत्त शर्मा ने बताया कि वर्ष 1950 में प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स का गठन हुआ था। तब से यह संगठन पत्रकारों के हितों की आवाज उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का पुनर्गठन और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है ताकि सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुरूप संचालित हो सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि दिल्ली इकाई का गठन बेहद कम समय में किया गया, लेकिन संगठन से बड़ी संख्या में पत्रकार जुड़ चुके हैं। जल्द ही संगठन के विस्तार और प्रसार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें वरिष्ठ पत्रकारों और सदस्यों की भागीदारी होगी।
मध्य प्रदेश के भोपाल से आए सतीश सिंह सिकरवार ने पत्रकारों को एकजुट होकर कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि आपसी मतभेदों को भुलाकर पत्रकारिता के मूल्यों की रक्षा करनी होगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और निस्वार्थ पत्रकारिता ही समाज और पत्रकारिता दोनों के लिए संजीवनी साबित होगी।
मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार डा.भूपेन्द्र विकल ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारा संगठन आई एफ डब्ल्यू जे देश का सबसे बड़ा संगठन है,देशभर के अनेक संगठन हमारे फेडरेशन से संबद्ध है,हम सभी पत्रकार साथियों को हमसे जुड़ें पत्रकारों के हित में एकजुट होकर काम करना होगा
संगठन के राष्ट्रीय महासचिव जगा रेड्डी ने बताया कि संस्था वर्तमान में देश के 22 राज्यों में सक्रिय रूप से कार्यरत है और शेष राज्यों में विस्तार के लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश कुमार शर्मा सहित पूरी टीम को बधाई देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
कर्नाटक से आए सिंधु वेंकटेश ने घोषणा की कि फेडरेशन की आगामी बैठक कर्नाटक में आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन दिल्ली यूनिट के महासचिव इमरान राजा ने किया। उन्होंने कहा कि संगठन का यह पहला बड़ा कदम है और आने वाले समय में पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी टीम दिन-रात कार्य करेगी।
इस अवसर पर कर्नाटक के सी.प्रकाश, मध्यप्रदेश के साद अहमद, डॉ. भूपेंद्र शर्मा "विकल ", महाराष्ट्र के प्रथमेश कोतवडेकर सहित देशभर के प्रतिष्ठित प्रिंट मीडिया, राष्ट्रीय समाचार पत्रों, राष्ट्रीय स्तर के न्यूज़ पोर्टलों और स्थानीय मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में पत्रकार एकता, संगठन विस्तार और पत्रकार हितों की रक्षा को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
---
Comments
Post a Comment