दतिया में ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान: वाहनों से हटाए हूटर और काली फिल्म, नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई।

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी

दतिया। शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला के मार्गदर्शन में नवागत यातायात निरीक्षक हिमांशु तिवारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान अनधिकृत हूटर, काली फिल्म, फ्लैश लाइट और वीआईपी स्टिकर लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने कई वाहनों से अनधिकृत हूटर और अन्य प्रतिबंधित उपकरण हटवाए। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सघन जांच करते हुए निजी वाहनों में लगे सायरन, लाल-पीली-नीली बत्ती, ब्लैक फिल्म, सरकारी एवं वीआईपी स्टिकर, पदनाम और मोनोग्राम सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री की जांच की।

यातायात निरीक्षक हिमांशु तिवारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य निजी वाहनों पर सरकारी पहचान और विशेषाधिकार दर्शाने वाले चिह्नों के दुरुपयोग पर रोक लगाना तथा आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, अव्यवस्थित पार्किंग, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, अधूरे दस्तावेज तथा निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने जैसे मामलों में भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश देते हुए बताया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Comments