*अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में आयुष विभाग के शिविर, जनजातीय व सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में बांटी गईं निशुल्क दवाएं*
खबर आपतक न्यूज इंडिया
शिवपुरी ब्यूरो महेंद्र खटीक
*कलेक्टर वर्मा के निर्देश पर अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में आयुष विभाग के शिविर, जनजातीय व सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में बांटी गईं निशुल्क दवाएं*
शिवपुरी कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में आमजन को त्वरित एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु आयुष विभाग द्वारा निरंतर विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री वर्मा ने जलजनित व वर्षा जनित बीमारियों के प्रसार को रोकने तथा प्रभावित बस्तियों, विशेषकर जनजातीय व सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में, नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क औषधि वितरण और रोग रोकथाम संबंधी जागरूकता अभियानों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
*शिविरों में किया गया स्वास्थ्य परीक्षण एवं औषधियों का वितरण*
निर्देशों के परिपालन में आयुष विभाग द्वारा रविवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर गुड़र तथा शासकीय आयुर्वेद औषधालय छर्च के अंतर्गत स्थानीय जनजातीय ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में विभागीय चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले द्वारा क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों को वर्षाकाल के उपरांत फैलने वाले मौसमी एवं जलजनित रोगों से बचाव के उपाय बताते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया है कि अतिवृष्टि से प्रभावित, सुदूर व संवेदनशील क्षेत्रों में आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं का यह विस्तार निरंतर जारी रहेगा। ताकि आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हो सके।
Comments
Post a Comment