KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया, 4 जून 2026। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित कर अवैध उत्खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण, ओवरलोडिंग तथा बिना नंबर प्लेट अथवा क्षतिग्रस्त नंबर प्लेट वाले खनिज परिवहन वाहनों की स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खनिज परिवहन में लगे वाहनों की नियमित जांच, ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने तथा बिना नंबर प्लेट अथवा क्षतिग्रस्त नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इधर वरिष्ठ अधिमान्य पत्रकार मनोज गोस्वामी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि यदि बैठक में लिए गए निर्णयों पर गंभीरता से अमल किया जाए तो प्रशासन को सहयोग के रूप में कई महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ौनी पुल, न्यू कलेक्ट्रेट-मुरैरा रोड, सोनागिर पुल, गोराघाट तथा उनाव बालाजी मार्ग से रेत से भरे ओवरलोड ट्रैक्टरों का परिवहन जारी है। उनका कहना है कि कई वाहन बिना वैध रॉयल्टी एवं निर्धारित नियमों के संचालन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस अवैध कारोबार को संबंधित विभागों और स्थानीय स्तर पर संरक्षण प्राप्त है।
हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन एवं संबंधित विभागों का पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Comments
Post a Comment