KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया लोकतंत्र के महापर्व में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक किया मतदान
दतिया विधानसभा में लगभग 71.44 प्रतिशत हुआ मतदान
पंकज श्रीवास्तव
दतिया 30 जुलाई 2026 / दतिया विधानसभा उप निर्वाचन 2026 के अंतर्गत आज मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं और युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांग मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान किया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल के मार्गदर्शन तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदान की समुचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, छाया, चिकित्सा, दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सतत निगरानी रखी गई, जिससे मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। मतदान के दिन जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर निरंतर निगरानी रखी गई।
दतिया विधानसभा उप निर्वाचन में कुल मतदान प्रतिशत लगभग 71.44 रहा। विधानसभा क्षेत्र में पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 74.09, महिला मतदाताओं का प्रतिशत 68.48 तथा अन्य मतदाताओं का प्रतिशत 20 प्रतिशत रहा।
मतदान समाप्त होने के पश्चात सभी मतदान दल निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्री के साथ सुरक्षित रूप से प्राप्ति केंद्र पहुंच रहे है जहाँ सामग्री जमा करने की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री स्वप्निल वानखड़े ने लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेकर मतदान करने वाले सभी मतदाताओं, निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस बल, केंद्रीय सुरक्षा बल, मीडिया प्रतिनिधियों तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment