दतिया उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मुद्रक एवं प्रकाशकों की बैठक सम्पन्न

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी

दतिया 16 जुलाई 2026/ विधानसभा उप निर्वाचन-2026 के संबंध में आज गुरुवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जिले के मुद्रकों एवं प्रकाशकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मुद्रित होने वाली चुनाव प्रचार सामग्री के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।
     उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रचार से संबंधित किसी भी पोस्टर, पम्पलेट, हैंडबिल अथवा अन्य मुद्रित सामग्री का प्रकाशन एवं मुद्रण निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक चुनाव सामग्री पर मुद्रक एवं प्रकाशक का नाम, पता तथा आवश्यक प्रिंटलाइन स्पष्ट रूप से अंकित होना अनिवार्य है। बिना निर्धारित घोषणा-पत्र (डिक्लेरेशन) के किसी भी चुनाव सामग्री का मुद्रण नहीं किया जाएगा।
     बैठक में मुद्रकों एवं प्रकाशकों को निर्देशित किया गया कि मुद्रित सामग्री का संपूर्ण अभिलेख सुरक्षित रखें तथा आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप में आवश्यक जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराएं। साथ ही आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित करते हुए किसी भी भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा नियमों के विरुद्ध सामग्री का मुद्रण नहीं करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित सभी मुद्रकों एवं प्रकाशकों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया।

Comments