दतिया स्लोगन प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने दिया मतदान का संदेश, स्वीप गतिविधियों से गूंजा शासकीय कन्या हाई स्कूल होलीपुरा
KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दतिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-22 में प्रस्तावित उपचुनाव के अंतर्गत चलाए जा रहे स्वीप (SVEEP) मतदाता जागरूकता अभियान के तहत शासकीय कन्या हाई स्कूल होलीपुरा में स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक एवं प्रेरणादायक स्लोगन तैयार कर लोकतंत्र के महापर्व में शत-प्रतिशत मतदान करने का संदेश दिया।
यह गतिविधि प्रभारी जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला स्वीप नोडल अधिकारी सुश्री सुरभि जैन के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। उनके निर्देशन में जिलेभर में मतदाता जागरूकता के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।
कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य आर.एस. सेंगर ने छात्राओं को मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक मत लोकतंत्र को सशक्त बनाने का माध्यम है। स्वीप नोडल प्रभारी शैलेन्द्र खरे ने छात्राओं को स्वयं जागरूक मतदाता बनने तथा अपने परिवार और समाज को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने "पहले मतदान, फिर जलपान", "मेरा वोट, मेरा अधिकार", "लोकतंत्र की यही पुकार, शत-प्रतिशत हो मतदान" जैसे अनेक प्रेरक स्लोगनों के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर ममता तिवारी, आरती सक्सैना, राधा चौबे, सुषमा तिवारी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के माध्यम से समाज में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करना रहा।

Comments
Post a Comment