KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया छात्राओं की गूंज से जागा मतदान का संदेश, होलीपुरा में निकली जागरूकता रैली
"सारे काम छोड़ दो... सबसे पहले वोट दो" के नारों से गूंजा शहर, छात्राओं ने किया शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान
दतिया, 20 जुलाई 2026।
भारत निर्वाचन आयोग के SVEEP (Systematic Voters' Education and Electoral Participation) कार्यक्रम एवं विधानसभा क्रमांक-22 उप निर्वाचन 2026 के अंतर्गत शासकीय कन्या हाई स्कूल होलीपुरा की छात्राओं ने सोमवार को नगर में भव्य मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया। रैली में छात्राओं ने जोशीले नारों और आकर्षक तख्तियों के माध्यम से नागरिकों से 30 जुलाई को अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की।
रैली के दौरान छात्राओं ने "सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो", "सबसे पहले वोट पड़ेगा, चूल्हा उसके बाद जलेगा", "पहले मतदान, फिर जलपान", "मेरा वोट, मेरा अधिकार" तथा "लोकतंत्र का मान बढ़ाएँ, पहले मतदान करने जाएँ" जैसे प्रभावशाली नारों से पूरे क्षेत्र का वातावरण लोकतांत्रिक उत्साह से भर दिया। नागरिकों ने भी छात्राओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए मतदान का संकल्प लिया।
छात्राओं ने मताधिकार के महत्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि एक-एक वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान करना राष्ट्र के प्रति उसका महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने विशेष रूप से प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं से निर्भीक एवं निष्पक्ष मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
यह कार्यक्रम प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दतिया सुश्री सुरभि जैन के मार्गदर्शन एवं प्राचार्य श्री आर.एस. सेंगर के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला स्वीप टीम सदस्य श्री ब्रजमोहन दुबे, श्री शैलेन्द्र खरे, डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, श्री राजेश कतरोलिया, श्री जयराम पटवा, श्री अवधेश शर्मा, श्रीमती आरती सक्सेना, श्रीमती सीमा यादव, श्रीमती ममता तिवारी, श्रीमती राधा चौबे, श्रीमती सुषमा तिवारी, श्री धर्मेन्द्र अग्रवाल सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं ने अपने परिवार, पड़ोस और समाज के प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुँचाकर शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता और जनजागरूकता से परिपूर्ण इस रैली ने स्पष्ट संदेश दिया कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है।
Comments
Post a Comment