*भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समक्ष दतिया के होटल प्राक्षी स्थित मीडिया सेंटर में महाराज गोविंद राहुल देव सिंह सहित शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की*

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव रिपोर्टर चेतन दास सुखान
कांग्रेस के अधिकांश कार्यकर्ताओं का प्रदेश नेतृत्व और जीतू पटवारी से विश्वास उठ चुका है* महाराज गोविंद राहुल देव सिंह सहित भाजपा परिवार में शामिल होने वालों का हार्दिक स्वागत हेमंत खण्डेलवाल* दतिया, 19/07/2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समक्ष रविवार को दतिया के होटल प्राक्षी स्थित मीडिया सेंटर में महाराज श्री गोविंद राहुल देव सिंह, शिवसेना जिला अध्यक्ष श्री रवि दीक्षित एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्री विष्णु दीक्षित ने अपने चार दर्जन से अधिक समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नए सदस्यों को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर भाजपा परिवार में आत्मीय स्वागत किया तथा मुह मीठा कराकर शुभकामनाएं दीं। भाजपा परिवार में शामिल हुए महाराज श्री गोविंद राहुल देव सिंह, शिवसेना जिला अध्यक्ष श्री रवि दीक्षित एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्री विष्णु दीक्षित एवं उनके समर्थकों ने राष्ट्रवादी विचारधारा तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों पर विश्वास व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जनता की सेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। *कांग्रेस में गुटबाजी और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से नेतृत्व पर भरोसा खत्म-श्री हेमंत खण्डेलवाल* भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस में लगातार बढ़ रही गुटबाजी, नेतृत्व की कार्यशैली और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा के कारण पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं का विश्वास कांग्रेस नेतृत्व से समाप्त होता जा रहा है। कांग्रेस के अधिकांश कार्यकर्ताओं का अपने प्रदेश अध्यक्ष तथा पार्टी नेतृत्व से मोहभंग हो चुका है। यही कारण है कि लगातार विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुशासन पर विश्वास व्यक्त करते हुए भाजपा से जुड़ रहे हैं। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान, अवसर और अपनी बात रखने का पूरा अधिकार मिलता है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल हुए सभी साथी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता की सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। *कांग्रेस लगातार जनता को गुमराह करने का प्रयास करती रही है* भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस के नेता बिना तथ्य और साक्ष्य के निराधार आरोप लगाने की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सच बोलने वाले कार्यकर्ताओं की आवाज को दबा दिया जाता है और पार्टी का संचालन लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं, बल्कि निजी कंपनी की तरह किया जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व जनता के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करने के बजाय भ्रम फैलाने और झूठे आरोप लगाने में विश्वास रखता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस लगातार जनता को गुमराह करने का प्रयास करती रही है। झूठ और भ्रम की राजनीति के आधार पर भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने के कांग्रेस के सभी प्रयास विफल हुए हैं और भविष्य में भी सफल नहीं होंगे। जनता कांग्रेस की राजनीति और उसके वास्तविक चरित्र को भली-भांति समझ चुकी है। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, विकास और अंत्योदय की विचारधारा के साथ आगे बढ़ रही है। इसी विचारधारा से प्रेरित होकर समाज के सभी वर्गों के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। *कांग्रेस ने वर्षों तक सिर्फ शासन किया, विकास का चेहरा है भाजपा-महाराज श्री गोविंद राहुल देव सिंह* भाजपा में शामिल महाराज श्री गोविंद राहुल देव सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उनके जैसे कार्यकर्ता और उनके परिवार को पुनः संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया, जिसके लिए वे सदैव उनके ऋणी रहेंगे। दतिया में कांग्रेस के दो परिवारों ने वर्षों तक सिर्फ शासन किया, विकास के नाम पर कुछ नहीं किया। दतिया में विकास के कार्य सिर्फ भाजपा सरकार में हुए हैं। भाजपा विकास का चेहरा है। कांग्रेस में एक प्रत्याशी चुनाव लड़ते हैं, वहां एकता व सामूहिकता का बहुत अभाव है। भाजपा में एक प्रत्याशी नहीं पूरा संगठन एकजुटता और सामूहिकता के साथ चुनाव लड़ता है, इसलिए भाजपा विजयी होती है। श्री गोविंद राहुल देव सिंह ने कहा कि कांग्रेस में सिर्फ वंशवाद की परम्परा रही है। दिग्विजय सिंह इस परपंरा को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। वे अगली बार कांग्रेस के घनश्याम सिंह के परिवार में से किसी ओर को टिकिट दे देंगे। पहले उन्होंने सेवढ़ा से इन्हें टिकिट दिया और अब दतिया से दे दिया। कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का महत्व नहीं है। यहां तो राजा महाराजा और वंशवाद ही चलता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार गौरवशाली सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित और विश्व पटल पर स्थापित करने का कार्य कर रही है। जिस प्रकार भोपाल में राजा भोज की गौरवगाथा को नई पहचान दिलाई गई है, उसी प्रकार दतिया की प्राचीन सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को भी वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे जीवनभर तन, मन और धन से निःस्वार्थ भाव से संगठन और समाज की सेवा करते रहेंगे तथा भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशानुसार निष्काम कर्म के मार्ग पर चलते हुए बिना किसी फल की इच्छा के अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रणवीर सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री व उपचुनाव सह प्रभारी श्री राहुल कोठारी, पूर्व मंत्री व चुनाव अभियान प्रमुख श्री अरविंद भदौरिया, तीर्थ स्थान मेला प्राधिकरण अध्यक्ष श्री विनोद गोटिया, प्रदेश प्रवक्ता श्री ब्रजगोपाल लोया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments