KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया । संस्कारभारती, दतिया द्वारा देश के विख्यात पखावज वादक पंडित कुदऊं सिंह जी की स्मृति में अखिल भारतीय "कुदऊं सिंह संगीत समारोह" का आयोजन 9 अगस्त 2026, रविवार को सायं 7:00 बजे से श्री अवध बिहारी जी मंदिर, किला चौक, दतिया में किया जाएगा।
संस्कार भारती दतिया के संयोजक राजेश लिटौरिया ने बताया कि इस समारोह का उद्देश्य दतिया के तात्कालिक महाराज भवानी सिंह (1857–1907) के दरबार के गौरव रहे महान पखावज वादक पंडित कुदऊं सिंह जी की संगीत साधना एवं योगदान का स्मरण करते हुए भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को जन-जन तक पहुँचाना है।
समारोह में देश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। इनमें डॉ. ब्रजभूषण गोस्वामी (ध्रुपद गायक, दिल्ली), पं. श्री वैभव रामदास (पखावज, मुंबई), डॉ. श्याम रस्तोगी (सितार, बनारस), पं. श्री विजयरामदास (मृदंगाचार्य, अयोध्या) तथा उस्ताद अब्दुल हमीद (सारंगी, ग्वालियर) शामिल हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवढ़ा विधायक श्रीमान प्रदीप अग्रवाल जी एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. निलय गोस्वामी, प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय, इन्दरगढ़ करेंगे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्कार भारती के प्रांतीय महा मंत्री श्री मोती लाल जी एवं दतिया महाराज श्री अरुणादित्य जी रहेंगे।
संस्कार भारती, दतिया ने संगीत प्रेमियों, कला साधकों एवं नगरवासियों से आग्रह किया है कि वे इस गरिमामय आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर भारतीय शास्त्रीय संगीत की इस सांस्कृतिक संध्या का आनंद लें तथा आयोजन की शोभा बढ़ाएँ।

Comments
Post a Comment