*समग्र शिक्षा अभियानः करैरा में दिव्यांग बच्चों के लिए आयोजित हुआ मूल्यांकन शिविर; 102 का पंजीयन, 63 बच्चों का उपकरण हेतु चिन्हांकन*
खबर आपतक न्यूज इंडिया
शिवपुरी ब्यूरो महेंद्र खटीक
*समग्र शिक्षा अभियानः करैरा में दिव्यांग बच्चों के लिए आयोजित हुआ मूल्यांकन शिविर; 102 का पंजीयन, 63 बच्चों का उपकरण हेतु चिन्हांकन*
शिवपुरी, 24 सितम्बर 2026/ समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जनपद शिक्षा केंद्र करैरा द्वारा ब्लॉक स्तरीय विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों के लिए उपकरण चिन्हांकन एवं चिकित्सीय मूल्यांकन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में कुल 102 दिव्यांग बच्चों एवं हितग्राहियों का पंजीयन कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान एलिम्को जबलपुर की विशेषज्ञ टीम द्वारा आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु 63 दिव्यांग बच्चों का चिन्हांकन किया गया, जिन्हें शीघ्र ही उपकरण वितरित किए जाएंगे।
*स्वास्थ्य परीक्षण और दिव्यांग प्रमाण-पत्र पंजीयन*
शिविर में उपस्थित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा दिव्यांग बच्चों का गहन स्वास्थ्य एवं दिव्यांगता संबंधी परीक्षण किया गया। परीक्षण के उपरांत 26 बच्चों का नए दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी करने हेतु पंजीयन किया गया। विभागीय अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि संबंधित प्रमाण-पत्र तैयार कर शीघ्र ही हितग्राहियों को प्रदान किए जाएंगे। शिविर में आए सभी बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
*अतिथियों ने किया शिविर का शुभारंभ*
आयोजित शिविर का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष श्री वीनस गोयल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री राजीव सिकरवार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमंत सूत्रकार, बीआरसी श्री विनोद तिवारी एवं शिवपुरी से आए एपीसी श्री हरीश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन बीएससी श्री महेश लोधी द्वारा किया गया।
*विशेषज्ञ डॉक्टर एवं स्टाफ रहा मौजूद*
शिविर में बच्चों के चिकित्सीय परीक्षण हेतु ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अंकिता, आर्थाेपेडिक विशेषज्ञ डॉ. यशस्वी बंसल, मनोचिकित्सक डॉ. योगेंद्र रघुवंशी एवं एमआरसी श्री अभिषेक द्विवेदी ने अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा जनशिक्षा केंद्र एवं ब्लॉक स्तर के बीएसी, सीएसी, शिक्षकगण, दिव्यांग हितग्राही तथा उनके पालक उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment