*ग्राम छर्च के शासकीय विद्यालय की भूमि को कराया अतिक्रमण मुक्त 24 घंटे में हुई कार्रवाई*

खबर आपतक न्यूज इंडिया 
शिवपुरी ब्यूरो महेंद्र खटीक 

*ग्राम छर्च के शासकीय  विद्यालय के आसपास की शासकीय भूमि को कराया गया अतिक्रमण मुक्त*
*कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर 24 घंटे में हुई कार्रवाई*

शिवपुरी,  कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा के सख्त निर्देशों के परिपालन में पोहरी अनुभाग के ग्राम छर्च में 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर के पास किए गए अवैध अतिक्रमण को हटा दिया है। राजस्व और पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि से अतिक्रमणकारियों को बेदखल करने की कार्रवाई की।
उल्लेखनीय है कि पोहरी अनुभाग के ग्राम छर्च में गतदिवस आयोजित विशेष जनसुनवाई शिविर के दौरान कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर और आसपास शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा पाए जाने पर कलेक्टर श्री वर्मा ने संज्ञान लेते हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद राजस्व और पुलिस अधिकारियों को शासकीय भूमि को चिन्हित कर तत्काल बेदखली की कार्रवाई करने तथा अतिक्रमणकारियों पर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशों के परिपालन में एसडीएम पोहरी श्री जे.पी.गुप्ता ने अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम गठित की। इसके बाद बुधवार को पुलिस एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर स्कूल के पास शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह से हटा दिया।

Comments