दतिया शासकीय कन्या हाईस्कूल होलीपुरा में छात्राओं को वितरित की गईं निःशुल्क साइकिलें

खबर आपतक न्यूज़ इंडिया जिला दतिया सहसंपादक चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव रिपोर्टर चेतन दास सुखानी शासकीय कन्या हाईस्कूल होलीपुरा में छात्राओं को वितरित की गईं निःशुल्क साइकिलें शिक्षा और संस्कार जीवन की सफलता के दो पहिए हैं – माधवेंद्र सिंह परिहार
दतिया/होलीपुरा शासकीय कन्या हाईस्कूल होलीपुरा में मध्यप्रदेश शासन की निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री माधवेंद्र सिंह परिहार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अंशुल मिश्रा तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रामजी खरे वरिष्ठ भाजपा नेता ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। संस्था के प्राचार्य श्री आर .एस. सेंगर ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए स्वागत भाषण दिया। उन्होंने शासन की इस योजना को छात्राओं की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि निःशुल्क साइकिल मिलने से दूर-दराज से विद्यालय आने वाली छात्राओं को सुविधा मिलेगी तथा उनकी नियमित उपस्थिति और शिक्षा के प्रति उत्साह में वृद्धि होगी। मुख्य अतिथि श्री माधवेंद्र सिंह परिहार ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि साइकिल के दो पहिए होते हैं, उसी प्रकार जीवन में सफलता के लिए शिक्षा और संस्कार दो महत्वपूर्ण पहिए हैं। यदि इन दोनों का संतुलन बना रहे तो विद्यार्थी जीवन में निश्चित रूप से आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने और अपने परिवार, विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. रामजी खरे ने राष्ट्रीय भावना, सामाजिक मूल्यों एवं महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने देश की महान महिलाओं एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के उदाहरण देते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में उच्च उपलब्धियां प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियां शिक्षा के माध्यम से परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। विशिष्ट अतिथि श्री अंशुल मिश्रा ने भी छात्राओं को शासन की योजनाओं का लाभ लेकर शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य श्री आर.एस. सेंगर का विशेष योगदान रहा। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्राओं की उपलब्धियों एवं सर्वांगीण विकास के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा अतिथियों का आभार माना। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन शिक्षक शैलेंद्र खरे द्वारा किया गया। इस अवसर पर ऋषिराज मिश्रा, धर्मेंद्र अग्रवाल, आरती सक्सेना, सौरभ खरे, सुषमा तिवारी, सीमा यादव अश्वनी पांडे सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल प्राप्त कर छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम ने छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही बालिका शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

Comments