सरपंच पर प्रधानाध्यापक से गाली-गलौज व मारपीट के प्रयास का आरोप।

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA 
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव 
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी 

औकात में रहो, नहीं तो नौकरी करना सिखा देंगे” — सरपंच पर प्रधानाध्यापक से गाली-गलौज व मारपीट के प्रयास का आरोप कलेक्टर से की शिकायत, कार्रवाई का आश्वासन
 
दतिया जिले के ग्राम सतलोन स्थित प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ प्रभारी प्रधानाध्यापक के साथ ग्राम सरपंच द्वारा गाली-गलौज एवं मारपीट के प्रयास का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित शिक्षक ने मंगलवार न्यू कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर से शिकायत की है। प्रभारी प्रधानाध्यापक रामप्रकाश शर्मा ने आवेदन में बताया कि वह विद्यालय में मोबाइल के माध्यम से बीएलओ का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम सरपंच पुष्पेंद्र ठाकुर विद्यालय परिसर में पहुंचे और वहां निर्मित आंगनबाड़ी भवन की बाउंड्रीवाल का माप करने लगे। माप के दौरान जब प्रधानाध्यापक ने खेल मैदान के बीच से माप न करने की बात कही, तो इसी बात पर सरपंच आग-बबूला हो गए। आरोप है कि सरपंच ने प्रधानाध्यापक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने का प्रयास किया और धमकी देते हुए कहा — “अपनी औकात में रहो, नहीं तो नौकरी करना सिखा देंगे, गांव में नहीं आ पाओगे।” घटना से भयभीत शिक्षक ने कलेक्टर को दिए आवेदन में सुरक्षा प्रदान करने एवं सरपंच के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि वह बिना डर के बीएलओ एवं शैक्षणिक कार्य कर सकें। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Comments