भारत सरकार की संयुक्त सचिव द्वारा पीएम श्री विधालयों का किया निरीक्षण ।

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी

भारत सरकार की संयुक्त सचिव द्वारा पीएम श्री विधालयों का किया निरीक्षण 
दिए आवश्यक दिशा निर्देश 
दतिया 01 मार्च 2026/ भारत सरकार की संयुक्त सचिव हिमाबिंदु मुडुम्बै द्वारा दतिया जिले के पीएम श्री विद्यालयों की समीक्षा हेतु जिला कलेक्टर कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। यह बैठक भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षय तेम्रावाल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुनील शुक्ला, सहायक संचालक सुश्री मुस्कान दिनकर, सहायक परियोजना समन्वयक डॉ श्याम बिहारी पचौरी एवं समस्त पीएम श्री विद्यालयों के प्राचार्य, संबंधित विकासखंड शिक्षाधिकारी गण एवं विभागीय अमला उपस्थित रहा। संयुक्त सचिव द्वारा विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत संरचना, स्मार्ट कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, खेलकूद गतिविधियों एवं छात्र-छात्राओं के समग्र विकास से संबंधित बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
भारत सरकार की संयुक्त सचिव द्वारा विगत 23 फरवरी 2026 को पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल तगा का निरीक्षण किया गया जिसमें समस्त गतिविधियों पर चर्चा की गई एवं बच्चों से संवाद किया गया। 24 फरवरी 2026 को सेवढ़ा विकासखंड के पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय बड़ोखरी का निरीक्षण किया जिसमें स्थानीय ग्राम सरपंच से विद्यालय के लिए शौचालय की नियमित साफ-सफाई पर सहयोग हेतु निर्देश दिया गया। 
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दतिया का निरीक्षण किया गया। उन्होंने पीएम श्री विद्यालयों के निर्धारित 21 बिंदुओं एवं योजना के छह प्रमुख स्तंभों के अंतर्गत की जा रही गतिविधियों की प्रगति पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यालय मॉडल स्कूल के रूप में विकसित हो तथा नवाचार, तकनीक आधारित शिक्षण, हरित परिसर, कौशल विकास एवं सामुदायिक सहभागिता को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने जिले के केंद्रीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया और निर्देशित किया कि जवाहर नवोदय विद्यालय एवं केंद्रीय विद्यालय राज्य के अन्य पीएम श्री विद्यालयों के साथ अंतर अंतर्विद्यालय प्रतियोगिताएं आयोजित करें और इन स्कूलों के शिक्षकों और बच्चों की सहभागिता भी सुनिश्चित करें। संयुक्त सचिव ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्र उपस्थिति, नामांकन वृद्धि, ड्रॉपआउट में कमी तथा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसरों की स्वच्छता, सुरक्षा एवं छात्र-अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर बल दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि प्राप्त निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा जिले के सभी पीएम श्री विद्यालयों को उत्कृष्टता की दिशा में विकसित किया जाएगा। यह समीक्षा बैठक जिले में पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

Comments