15-20 हथियारबंद बदमाशों ने किया घर पर हमला।

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी

*उचाढ़ में घर पर हमला, 15-20 हथियारबंद बदमाशों ने किया तांडव*  

अर्जुन केवट गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर*  
*ग्रामीणों को आता देख हथियार छोड़ भागे हमलावर, पुलिस जांच में जुटी*

दतिया। गोराघाट थाना क्षेत्र के ग्राम उचाढ़ में शनिवार देर शाम 15 से 20 अज्ञात हमलावरों ने एक घर पर धावा बोल दिया। हमले में अर्जुन केवट पुत्र भस्सू केवट गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों के लामबंद होने पर बदमाश मौके पर हथियार छोड़कर फरार हो गए।ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे 15-20 अज्ञात लोग लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और अवैध कट्टों से लैस होकर अर्जुन केवट के घर पहुंचे। गाली-गलौज करते हुए हमलावर घर में घुस गए और अर्जुन पर हमला कर दिया। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। अन्य परिजनों को भी चोटें आई हैं। 
अर्जुन की चीख-पुकार और घरवालों का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठियां लेकर मौके की ओर दौड़े। भीड़ को अपनी ओर आता देख हमलावर घबरा गए और अपने हथियार वहीं छोड़कर भाग निकले। परिजनों ने गंभीर हालत में अर्जुन को तत्काल जिला अस्पताल दतिया रवाना किया।सूचना मिलते ही गोराघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों द्वारा छोड़े गए हथियार जब्त कर लिए हैं। एक अवैध कट्टा भी बरामद किया गया है। 
गोराघाट थाना प्रभारी ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। गांव में दहशत का माहौल है।


Comments