दतिया सीडब्ल्यूसी के सदस्य रामजीशरण राय व संतोष तिवारी ने राज्यस्तरीय इंडक्शन प्रशिक्षण में लिया भाग।
KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया सीडब्ल्यूसी के सदस्य रामजीशरण राय व संतोष तिवारी ने राज्यस्तरीय इंडक्शन प्रशिक्षण में लिया भाग*
*भोपाल में बाल देखरेख संस्थाओं का किया भ्रमण भ्रमण*
दतिया। बाल कल्याण समितियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों के लिए आयोजित इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति दतिया के सदस्य रामजीशरण राय एवं संतोष तिवारी ने सक्रिय सहभागिता की। यह आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 से 13 जून 2026 तक आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का आयोजन सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान (SPNIWCD), नई दिल्ली द्वारा किया गया। प्रशिक्षण की प्रभारी डॉ. नवीदा खातून (डिप्टी डायरेक्टर, SPNIWCD, नई दिल्ली) रहीं, जबकि कोर्स समन्वयक के रूप में एच.के. सिंह ने दायित्व निभाया।
बाल कल्याण समिति सदस्य रामजीशरण राय ने बताया कि मध्यप्रदेश के 19 जिलों—दतिया, भोपाल, मंडला, डिंडोरी, भिंड, देवास, इंदौर, बड़वानी, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बालाघाट, दमोह, नर्मदापुरम, अनूपपुर, अशोकनगर, गुना, विदिशा एवं सीहोर से कुल 36 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा संयुक्त राष्ट्र बाल अधिकार अभिसमय (UNCRC), किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015, पॉक्सो अधिनियम, 2012, बाल अधिकारों से संबंधित विभिन्न कानूनों, नियमों एवं बाल कल्याण समिति की वैधानिक भूमिका और उत्तरदायित्वों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम की विशेषता के रूप में प्रतिभागियों को विभिन्न बाल देखरेख संस्थाओं का एक्सपोजर विजिट (अध्ययन भ्रमण) भी कराया गया। इस दौरान उन्होंने विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण (SAA), राजकीय बाल संरक्षण एवं मातृशक्ति बालिका गृह, एसओएस चिल्ड्रन्स विलेज तथा ओपन शेल्टर होम, भोपाल का भ्रमण कर वहां संचालित सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव बाल कल्याण समितियों को बच्चों के सर्वोत्तम हित में अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील ढंग से कार्य करने में सहायक सिद्ध होंगे। उक्त जानकारी रामजीशरण राय, सदस्य बाल कल्याण समिति दतिया (म.प्र.) ने दी।
Comments
Post a Comment