KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया। नगर में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा मामला श्री पीतांबरा पीठ के मुख्य द्वार के समीप स्थित शासकीय विद्यालय क्रमांक-2 के पास का है, जहां विद्यालय की बाउंड्री के बाहर मुख्य सड़क किनारे पुनः अवैध कब्जे किए जाने की शिकायत सामने आई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अतिक्रमणकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद वे लगातार सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा जमाने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्य मार्ग पर हो रहे इस अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।
नागरिकों का कहना है कि एक ओर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अभियान चलाए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर सड़क किनारे बढ़ते अवैध कब्जों पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। लोगों ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से शीघ्र निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना आवश्यक है, जिससे श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Comments
Post a Comment