दतिया हाईवे हत्याकांड डीएनए रिपोर्ट से खुलेगा राज*

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी

दतिया हाईवे हत्याकांड: राख में दबी पहचान, डीएनए रिपोर्ट से खुलेगा राज*  


उपरायां के पास मिली महिला की अधजली लाश, 48 घंटे बाद भी शिनाख्त नहीं*  
*भिंड के परिवार ने जताया शक, पुलिस ने ग्वालियर में कराया पोस्टमार्टम*

दतिया। नेशनल हाईवे-44 पर दतिया जिले के उपरायां गांव के पास सोमवार को मिली एक महिला की अधजली लाश ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। घटना के 48 घंटे बीतने के बाद भी मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। जघन्य तरीके से की गई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
*ऐसे सामने आया मामला*  
सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने हाईवे किनारे एक क्षत-विक्षत शव देखा। शव इतनी बुरी तरह जलाया गया था कि पहचान करना नामुमकिन हो गया। पुलिस के अनुसार, शव करीब दो दिन पुराना है और मृतका की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास है। घटनास्थल से मेहंदी लगे हाथ और बालों का जूड़ा मिला, जो किसी की पारिवारिक जिंदगी की ओर इशारा करता है।

*भिंड का परिवार पहुंचा दतिया, डीएनए पर टिका मामला*  
घटना की जानकारी लगते ही भिंड जिले के अमायन क्षेत्र से एक परिवार दतिया पहुंचा। परिजनों ने घटनास्थल पर मिले कपड़ों और सामान के आधार पर शव के अपनी लापता परिजन का होने की आशंका जताई है। लेकिन चेहरा पूरी तरह जल जाने के कारण वे शव की शिनाख्त करने में असमर्थ हैं। 

परिजनों का कहना है कि बिना पूरी तरह आश्वस्त हुए वे अंतिम संस्कार नहीं कर सकते। इसे देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक जांच का सहारा लिया है। मृतका की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

*पुलिस बोली: पहचान के बाद ही खुलेगा हत्या का राज*  
गोराघाट थाना प्रभारी रमेश शाक्य ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला सोची-समझी हत्या कर पहचान छुपाने के लिए शव जलाने का लग रहा है। हाईवे को वारदात के लिए चुनना किसी पेशेवर अपराध की ओर इशारा करता है। 

फिलहाल पुलिस आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। मृतका का पोस्टमार्टम दतिया में न हो पाने के कारण ग्वालियर में कराया गया। इसके बाद शव को गोराघाट थाना क्षेत्र में ही सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है।

पुलिस का मानना है कि जब तक मृतका की पहचान नहीं होती, हत्या के कारण और आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल है।

_नोट: यह मामला जांच के अधीन है। पुलिस सभी वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।_

Comments