दतिया पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट की सुनवाई टली ।

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी

दतिया पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट की सुनवाई  टली ।

 दतिया के पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को बैंक एफडी फ्रॉड मामले में मिली तीन साल की सजा के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में दायर अपील पर एक बार फिर सुनवाई टल गई है। मंगलवार को प्रस्तावित सुनवाई नहीं हो सकी और अब अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 8 जुलाई 2026 तय की है। लगातार तीसरी बार सुनवाई टलने से राजेंद्र भारती की राजनीतिक उम्मीदों को बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियां भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा सुनाई गई सजा को चुनौती देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में अपील दायर की है। उन्होंने मामले की शीघ्र सुनवाई के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किया था। इससे पहले भी कई बार सुनवाई की तारीख निर्धारित हुई, लेकिन विभिन्न कारणों से मामले पर अंतिम सुनवाई नहीं हो सकी। मंगलवार को भी सुनवाई नहीं हो पाई, जिसके बाद हाईकोर्ट ने अगली तारीख 8 जुलाई 2026 निर्धारित कर दी है।
उल्लेखनीय है कि 2 अप्रैल 2026 को दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट ने भूमि विकास बैंक से जुड़े एफडी धोखाधड़ी मामले में राजेंद्र भारती को भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत दोषी ठहराते हुए तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। फैसले के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई थी और उन्हें तिहाड़ जेल भेजा गया था।
मामले के अनुसार राजेंद्र भारती ने अपनी माता के नाम बैंक में 10 लाख 50 हजार रुपये की एफडी कराई थी। आरोप है कि बाद में एफडी की अवधि तीन वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष कर दी गई। बैंक कर्मचारी नरेंद्र सिंह की शिकायत के बाद मामला न्यायालय पहुंचा, जहां सुनवाई के उपरांत उन्हें दोषी ठहराया गया।
सजा के बाद मध्यप्रदेश विधानसभा सचिवालय ने दतिया विधानसभा सीट को रिक्त घोषित कर इसकी सूचना चुनाव आयोग को भेज दी थी। सूत्रों के अनुसार दतिया विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं जारी हैं।

अब पूरे ग्वालियर-चंबल अंचल की निगाहें 8 जुलाई को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस सुनवाई का असर न केवल राजेंद्र भारती के राजनीतिक भविष्य पर बल्कि दतिया विधानसभा के संभावित उपचुनाव पर भी पड़ सकता है।

Comments