दतिया मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण।

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी

दतिया मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार हेतु दिए आवश्यक निर्देश*


दतिया कलेक्टर दतिया श्री स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. के. वर्मा द्वारा जिला चिकित्सालय दतिया का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना था।

निरीक्षण के दौरान ट्रॉमा सेंटर, एक्स-रे विभाग, एएनसी ओपीडी, पीएनसी वार्ड, टीकाकरण कक्ष, ट्रायज, प्रसव कक्ष, एम.एल.सी.यू., ऑब्स आईसीयू, मैटरनिटी ऑपरेशन थिएटर एवं विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया गया। डॉ. वर्मा ने विभिन्न विभागों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था, मानव संसाधन की उपलब्धता एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

ट्रॉमा सेंटर के निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों की नियमित ड्यूटी सुनिश्चित करने तथा पीजी चिकित्सकों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ट्रॉमा सेंटर में हाउसकीपिंग कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर प्रदर्शित करने, ट्रॉमा सेंटर की पुताई कराने तथा मल्टी पैरामीटर एवं संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए। ट्रॉमा सेंटर से नवीन ओपीडी भवन तक के मार्ग पर ग्रीन शीट लगवाने के निर्देश भी दिए गए।

ऑब्स आईसीयू में सीपेज की समस्या पाए जाने पर संबंधित फर्म को तत्काल पत्र लिखकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त समस्त नर्सिंग अधिकारियों को मरीजों एवं उनके परिजनों की प्रभावी काउंसलिंग के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए गए, जिससे मरीजों को उपचार संबंधी जानकारी बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जा सके।

निरीक्षण के दौरान क्रैश कार्ट को और अधिक व्यवस्थित रखने, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रसूति सेवाओं से संबंधित दाइयों की अद्यतन सूची प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. के.सी. राठौर द्वारा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की नर्सिंग ऑफिसर की ड्यूटी के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के सहयोग का अनुरोध किया गया।

डॉ. वर्मा ने कहा कि मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार के लिए नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जाती रहेगी।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. के.सी. राठौर, सीएमएचओ कार्यालय की टीम, आरएमओ, अस्पताल प्रबंधक, प्रभारी मैट्रन सहित चिकित्सालय का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।

Comments