KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया। विकसित भारत की पहचान नशा मुक्त भारत संकल्प के साथ 17 जून से 26 जून 2026 तक चलाए जा रहे "नशा मुक्ति सप्ताह" के अंतर्गत दतिया जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में जिले भर में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है।
नशा मुक्ति सप्ताह के दौरान भाषण, निबंध, रैली, जागरूकता अभियान, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, चौपाल एवं अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इसी क्रम में आज बम-बम महादेव क्षेत्र में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नशा मुक्त भारत अभियान के जिला मास्टर ट्रेनर शैलेंद्र खरे, राजेश कतरोलिया एवं अर्चना जाटव ने उपस्थित नागरिकों एवं मजदूर भाइयों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा नशा मुक्त समाज निर्माण का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान बम-बम महादेव पर कार्यरत सभी मजदूरों के बीच नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया गया। उन्हें बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, आर्थिक स्थिति एवं सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। सभी मजदूरों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशा मुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर जिला मास्टर ट्रेनर शैलेंद्र खरे ने कहा कि, "विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हमारा युवा वर्ग एवं श्रमिक वर्ग नशे से मुक्त होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा। नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है।"
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं मजदूरों ने नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। अभियान के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे नशा मुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
Comments
Post a Comment