नशे के खिलाफ जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार : शैलेंद्र खरे।

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी

दतिया नशे के खिलाफ जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार : शैलेंद्र खरे
दतिया पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दतिया में नशा मुक्त भारत अभियान सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
दतिया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 17 जून 2026 से 26 जून 2026 तक "नशा मुक्ति सप्ताह" का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 25 जून 2026 को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दतिया में नशा मुक्त भारत अभियान सप्ताह के अंतर्गत एक प्रेरणादायी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला मास्टर ट्रेनर, नशा मुक्त भारत अभियान शैलेंद्र खरे मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोनू राय द्वारा शैलेंद्र खरे का हरित पादप भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किए जाने से हुआ। उन्होंने अपने स्वागत उद्बोधन में नशा मुक्ति जैसे सामाजिक अभियान की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इसके प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अपने प्रेरक संबोधन में जिला मास्टर ट्रेनर शैलेंद्र खरे ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए भी गंभीर बाधा है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी यदि नशे से दूर रहकर अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करे तो एक स्वस्थ, सुरक्षित और विकसित भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ती नशे की प्रवृत्तियों, उनके दुष्परिणामों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम को रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने हेतु विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने नशा मुक्ति विषय पर अपने विचार, अनुभव एवं सुझाव साझा किए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशा मुक्त समाज निर्माण का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में शैलेंद्र खरे ने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को "नशा मुक्त भारत" की शपथ दिलाई तथा जीवनभर नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन  रामप्रसाद बैरवा द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए नशा मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Comments