नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान का शुभारंभ, पुलिस अधीक्षक शिवपुरी द्वारा नशे के प्रति जागरुकता लाने के लिये पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को शपथ कार्यक्रम आयोजित कर वाइक रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।*
KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
संपादक साहिल खान
*जिले मे अभियान के तहत 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जागरूकता कार्यक्रमों, रेलियों, शपथ, प्रतियोगिताओं एवं नाटकों आदि का आयोजन कर लोगों को नशे से दूर रहने के लिये करेंगे जागरुक।*
मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करने तथा युवाओं को नशे की लत से बचाने के उद्देश्य से 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' विशेष जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री महोदय मध्य प्रदेश शासन श्री मोहन यादव जी द्वारा दिनांक 14.07.2026 को किया गया है, जिसके तहत 15 जुलाई 2026 से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेश मे व्यापक स्तर पर नशे विरुद्ध कार्यक्रम संचालित किये जाऐंगे।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी द्वारा जिले के समस्त एसडीओपी एवं थाना को अभियान को प्रभावी एवं जनभागीदारी आधारित स्वरूप में संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। नशीले पदार्थों का बढ़ता प्रचलन विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज एवं कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। ऐसे में जनसहभागिता एवं सतत जागरूकता ही इस समस्या के स्थायी समाधान का प्रमुख माध्यम है।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय से नशे के प्रति जागरुकता लाने के लिये शपथ कार्यक्रम एवं वाइक रैली का आयोजन कर हरी झंडी दिखा कर शहर मे रवाना किया गया है। वाइक रैली शहर में भ्रमण कर लोगों से नशे से दूर रहने के लिये प्रेरित करेगी एवं नशे के दुष्प्रभावों को बताते हुये आमजन को जागरुक करेंगे।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी जी ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जागरूकता कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों एवं आमजन को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों एवं सामाजिक दायित्वों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की जाएगी।
अभियान के दौरान जनजागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठियां, परिचर्चाएं, चित्रकला, निबंध, भाषण एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से भी लगातार जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक अभियान का संदेश पहुंच सके।
शिवपुरी पुलिस द्वारा अभियान के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर नागरिकों से अपील की जाएगी कि वह स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे की बुराइयों के प्रति जागरूक करें। साथ ही युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास एवं जागरूकता गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के दौरान जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन, संग्रहण एवं तस्करी के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। थानों को लगातार कार्यवाही करते हुए अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी प्रकार की नशीले पदार्थों की अवैध गतिविधि की जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल स्थानीय पुलिस थाना अथवा कंट्रोल रूम पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी ने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि "नशामुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। आइए, हम सभी मिलकर संकल्प लें कि स्वयं नशे से दूर रहेंगे, अपने परिवार एवं समाज को भी नशे से बचाएंगे तथा एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएंगे।"


Comments
Post a Comment