*दतिया ब्रेकिंग। दतिया उपचुनाव में 'कुशवाहा फैक्टर' पर सबकी नजर, 40-50 हजार वोटों को साधने में जुटे भाजपा, कांग्रेस और आज़ाद समाज पार्टी*

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनावी मुकाबला अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। भाजपा, कांग्रेस और आज़ाद समाज पार्टी अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए लगातार जनसंपर्क और सभाएं कर रही हैं। इसी क्रम में आज़ाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और आदिवासी समाज के लोगों से संवाद किया। उन्होंने सामाजिक न्याय, राजनीतिक भागीदारी और अधिकारों के मुद्दों पर समर्थन मांगा। उपचुनाव में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के मतदाताओं को अहम माना जा रहा है। इनमें विशेष रूप से कुशवाहा समाज चुनावी समीकरण का महत्वपूर्ण हिस्सा बनकर उभरा है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुशवाहा समाज के लगभग 40 से 50 हजार मतदाता हैं, जो चुनाव परिणाम को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। दामोदर सिंह यादव अपने प्रचार में कुशवाहा समाज की राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक सम्मान और प्रतिनिधित्व के मुद्दे प्रमुखता से उठा रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने भी समाज के नेताओं को चुनाव प्रचार में सक्रिय किया है, जबकि भाजपा की ओर से सांसद भारत सिंह कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ नेता लगातार जनसभाएं और जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इसी बीच 27 जुलाई को प्रस्तावित कुशवाहा समाज सम्मेलन को भी चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि किस दल को इस समाज का सबसे अधिक समर्थन मिलेगा, इसका फैसला मतदाता मतदान के दिन करेंगे। चुनावी गलियारों में एक बार फिर चर्चा है कि दतिया की सियासी बाजी में 'कुशवाहा फैक्टर' निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

Comments