खबर आपतक न्यूज़ इंडिया
शिवपुरी ब्यूरो महेंद्र खटीक
*‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत पोहरी में मेगा शिविर आयोजित; अधिकारियों ने मौके पर सुनीं नागरिकों की समस्याएं*
*सरकार आपके द्वार की भावना के अनुरूप विभागीय काउंटरों पर हुआ आवेदनों का त्वरित निराकरण*

शिवपुरी/शासन की मंशानुरूप आमजन को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुँचाने के उद्देश्य से रविवार को नगर परिषद पोहरी प्रांगण में सेवा सेतु अभियान - सरकार आपके द्वार के अंतर्गत एक मेगा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में शासन के समस्त विभागों द्वारा अपने-अपने विभागीय काउंटर लगाए गए, जहाँ नागरिकों की समस्याएँ एवं शिकायतें आत्मीयता से सुनी गईं तथा पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
आयोजित मेगा शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ उपस्थित रहे। क्षेत्र के नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याओं, माँगों एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन पत्र संबंधित विभागों के काउंटरों पर प्रस्तुत किए। उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने प्राप्त प्रकरणों की गहन समीक्षा कर यथासंभव आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि शेष जटिल प्रकरणों में नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित विभागीय अमले को दिए।
*सरकार आपके द्वार संकल्प से नागरिकों से सीधा संवाद*
शिविर के दौरान सरकार आपके द्वार की भावना के अनुरूप अधिकारियों ने आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी वास्तविक समस्याओं को गहराई से समझा। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ अत्यंत सरल, सहज और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी नागरिक को अपने जायज कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान उपस्थित जनसामान्य को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
*जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद*
नगर परिषद पोहरी में आयोजित इस भव्य शिविर में पोहरी एसडीएम श्री जे.पी. गुप्ता, तहसीलदार श्रीमती कल्पना शर्मा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रामकली आदिवासी, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती रश्मि नेपाल वर्मा, उपाध्यक्ष श्रीमती कृष्णलता संजीव शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
समाचार क्रमांक 29/2026
Comments
Post a Comment