KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया सख्ती के साथ पारदर्शी बोर्ड परीक्षा कराने के निर्देश
नकल पर जीरो टॉलरेंस, लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई तय - कलेक्टर श्री वानखडे
दतिया । माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर कलेक्टर प्रतिनिधि, केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में कलेक्टर श्री वानखड़े ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में बोर्ड परीक्षा में नकल नहीं होनी चाहिए। नकल अथवा लापरवाही के किसी भी प्रकरण पर संबंधितों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ड्यूटी रेंडमाइजेशन के माध्यम से लगाई जाए। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश द्वारों सहित प्रश्नपत्र कक्ष के बाहर भी सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से सक्रिय रहें। प्रश्नपत्र बॉक्स केवल सीसीटीवी निगरानी में तथा उसी विषय का खोला जाए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि परीक्षा दिवस पर विद्यार्थियों का प्रवेश सुबह 8.30 बजे तक ही किया जाएगा। विशेष परिस्थिति में कारण दर्ज कर 8.45 बजे तक प्रवेश दिया जा सकेगा, जिसकी जांच एवं संज्ञान कलेक्टर प्रतिनिधि द्वारा लिया जाएगा। केंद्र के आसपास भीड़ की स्थिति बनने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि किसी भी निजी या अनधिकृत व्यक्ति का परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं होगा। पुलिस बल की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर धारा 144 लागू करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी रूप से सम्पन्न हो।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल किट उपलब्ध रहे। 30 तारीख तक समस्त प्राचार्यों की बैठक कर निजी विद्यालय संचालकों को भी दिशा-निर्देश दे दिए जाएं। केंद्राध्यक्षों की निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
प्रवेश के समय प्रवेश पत्र एवं पेन के अतिरिक्त किसी भी सामग्री की कड़ी तलाशी के बाद ही अनुमति दी जाए। पर्यवेक्षकों को कक्षा में प्रवेश से पूर्व मोबाइल फोन कंट्रोल रूम में जमा कर रसीद लेना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्रों पर 3–4 स्थानों पर बैठक व्यवस्था की सूचना चस्पा की जाए, जिससे अनावश्यक भीड़ न लगे। छात्रों के प्रवेश के समय अतिरिक्त पर्यवेक्षक तैनात किए जाएं।
संवेदनशील एवं अति संवेदनशील केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। पर्यवेक्षकों की ड्यूटी रेंडमाइजेशन से लगाई जाएगी तथा निर्धारित प्रश्नपत्र के उपरांत परीक्षा अवधि में केंद्र परिवर्तन भी किया जाएगा।
जिले में कुल 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बैठक में नकल रोकने की विभिन्न रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री वानखड़े ने कहा कि वे स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरंतर निरीक्षण करेंगे और कलेक्टर प्रतिनिधि पूरी परीक्षा अवधि में केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए बोर्ड परीक्षाओं को पारदर्शी, नकलरहित एवं सफल बनाएं। बैठक में अपर कलेक्टर श्री महेन्द्र कवचे, संयुक्त कलेक्टर श्री लोकेन्द्र सरल, श्रीमती श्रुति अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर बृजेन्द्र यादव, जिला शिक्षा अधिकारी सुनील शुक्ला जिले के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment