KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया शहर के व्यस्ततम बड़ा बाजार क्षेत्र में एक बार फिर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। फुटपाथों पर दुकानदारों द्वारा सामान फैलाकर कब्जा कर लिया गया है, वहीं सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े चार पहिया व दो पहिया वाहनों के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है।
स्थिति यह है कि सड़क पर खड़े वाहनों के चलते चलने वाले वाहनों को निकलने तक की जगह नहीं मिल पा रही है। कई बार तो पैदल चलने वालों को भी सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना जैसे हालात बन रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि थोड़ी सी भी भीड़ बढ़ते ही बाजार पूरी तरह जाम हो जाता है।
गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व दतिया कलेक्टर के निर्देश पर बड़ा बाजार में यातायात सुधार को लेकर सख्त कार्रवाई की गई थी। उस दौरान अवैध अतिक्रमण हटाया गया और सड़क किनारे खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए व्यवस्था में सुधार देखने को मिला था।
लेकिन अब हालात फिर से पहले जैसे ही हो गए हैं, और प्रशासनिक कार्रवाई थमते ही दुकानदारों ने दोबारा फुटपाथों पर कब्जा जमा लिया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि
बड़ा बाजार में स्थायी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए
फुटपाथ अतिक्रमण पर नियमित कार्रवाई हो
नो-पार्किंग जोन में सख्ती से वाहन हटाए जाएं
ताकि बाजार में खरीदारी करने आने वाले नागरिकों को राहत मिल सके और किसी बड़ी दुर्घटना से पहले हालात काबू में लाए जा सकें।
Comments
Post a Comment