KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया 02 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संकल्प से समाधान अभियान की विभागवार समीक्षा की गई। जिन विभागों में प्राप्त आवेदनों की संख्या कम पाई गई, उन पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रगति लाने के सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक के दौरान फार्मर रजिस्ट्री, पट्टा सर्वे कार्य एवं आधार ई-केवाईसी की समीक्षा की। आधार ई-केवाईसी में कम प्रगति पाए जाने पर सीएमओ दतिया पर असंतोष व्यक्त किया गया।
बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वानखड़े ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो प्रकरण समय-सीमा के बाहर गए हैं, उनमें संबंधित अधिकारियों पर प्रतिदिन 100 रूपये का अर्थदंड लगाया जाए, जिसे रेडक्रॉस सोसायटी में जमा कराया जाए। यदि इसके बाद भी निराकरण नहीं होता है तो 250 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से अर्थदंड अधिरोपित किया जाएगा।
इसके अलावा जल सुनवाई, ए एन सी पंजीकृत महिलाओं की समग्र आईडी निर्माण, अवमानना के प्रकरण, स्कूल शिक्षा विभाग तथा सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में एमपीआरडीसी के अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस एससीएन जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सोनागिर में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मार्च माह में सोनागिर क्षेत्र में वीआईपी मूवमेंट अधिक रहता है, इसे ध्यान में रखते हुए वहां साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था एवं सड़क चौड़ीकरण के सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर लिए जाएं। इसके लिए उन्होंने सीईओ जनपद, पीएमजीएसवाई एवं सीएमओ को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
बैठक मे संयुक्त कलेक्टर श्रीमती श्रृति अग्रवाल, श्री लोकेन्द्र सिंह सरल, एसडीएम दतिया श्री संतोष तिवारी, डिप्टी कलेक्टर श्री बृजेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment