दतिया भीषण गर्मी में भी ट्रैफिक प्रभारी सपना शर्मा की सख्त कार्रवाई, अतिक्रमण हटाया, बिना नंबर प्लेट वाहन पर लगाया व्हील लॉक।

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी

दतिया भीषण गर्मी में भी ट्रैफिक प्रभारी सपना शर्मा की सख्त कार्रवाई, अतिक्रमण हटाया, बिना नंबर प्लेट वाहन पर लगाया व्हील लॉक। 

दतिया। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक प्रभारी सपना शर्मा ने भीषण गर्मी के बीच बुधवार को टाउन हॉल से किला चौक तक विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कई दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सड़क पर सामान और विज्ञापन बोर्ड रखे जाने से यातायात प्रभावित होता पाया गया। वहीं पंजाब नेशनल बैंक के पास बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन अव्यवस्थित रूप से खड़े मिले, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट की एक कार भी खड़ी मिली, जिस पर राजनीतिक पद का उल्लेख किया गया था। यातायात नियमों के उल्लंघन पर वाहन पर व्हील लॉक लगाकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक प्रभारी सपना शर्मा ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि भविष्य में सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें। उन्होंने कहा कि बार-बार समझाइश के बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान सड़क पर रखे गए सामान और बोर्ड जब्त किए गए, जबकि अव्यवस्थित रूप से खड़े दोपहिया वाहनों को ट्रैफिक थाने भिजवाया गया।
उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। स्थानीय लोगों ने भीषण गर्मी में लगातार मैदान में रहकर व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस की सराहना करते हुए इस कार्रवाई को जनहित में आवश्यक बताया।

Comments