KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
दतिया जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं ने कायम की गुणवत्ता की मिसाल
चार संस्थाओं ने किया कायाकल्प असेसमेंट के लिए, क्वालिफाई, पीएचसी सोहन बनी जिला विजेता.
दतिया। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. वर्मा के निर्देशन में दतिया जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं ने गुणवत्ता, स्वच्छता एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि जिला चिकित्सालय दतिया, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवढ़ा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौनी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसई ने सफलतापूर्वक कायाकल्प असेसमेंट के लिए क्वालिफाई किया है। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोहन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई पहचान दिलाई है।
कायाकल्प कार्यक्रम भारत सरकार एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, रोगी-अनुकूल सेवाओं, अस्पतालों की साफ-सफाई तथा गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य संस्थानों का विभिन्न गुणवत्ता मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है, जिससे मरीजों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर उपचार वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
जिले की चार प्रमुख स्वास्थ्य संस्थाओं का कायाकल्प असेसमेंट के लिए चयन तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोहन का जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना स्वास्थ्य विभाग की निरंतर गुणवत्ता सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारियों एवं समस्त सहयोगी कर्मचारियों की सामूहिक कार्यशैली, अनुशासन, सेवा भावना तथा गुणवत्ता सुधार के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने इस उपलब्धि पर सभी चयनित स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रभारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की है। विभाग ने विश्वास व्यक्त किया है कि सभी स्वास्थ्य संस्थाएं भविष्य में भी गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए स्वच्छ, सुरक्षित एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की अपनी उत्कृष्ट परंपरा को निरंतर बनाए रखेंगी।
यह उपलब्धि न केवल दतिया जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गौरव का विषय है, बल्कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में जिले की मजबूत प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य आगामी समय में जिले की अधिक से अधिक स्वास्थ्य संस्थाओं को कायाकल्प के उच्च गुणवत्ता मानकों तक पहुंचाकर आमजन को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
Comments
Post a Comment