खबर आपतक न्यूज़ इंडिया
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी
जन शिक्षण संस्थान में ब्राइडल एवं पार्टी मेकअप प्रतियोगिता आयोजित
प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया गया सम्मानित
दतिया। जन शिक्षण संस्थान, दतिया द्वारा ब्राइडल मेकअप एवं पार्टी मेकअप प्रतियोगिता तथा संस्थान की विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में सहभागिता करने वाले प्रशिक्षणार्थियों के प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री स्वप्निल वानखेड़े, जिलाधीश दतिया रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान की निदेशक श्रीमती निधि तिवारी द्वारा संस्थान के माध्यम से निरंतर संचालित किए जा रहे विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं गतिविधियों तथा संस्थान की प्रगति के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इनमें फंडामेंटल ऑफ पोषक फॉर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, असिस्टेंट ड्रेस मेकर, हेयर ड्रेसर, दर्जी एडवांस, ब्यूटी केयर असिस्टेंट, असिस्टेंट कंप्यूटर ऑपरेटर एवं फंडामेंटल ऑफ क्लाउड किचन सहित विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शामिल रहे।
इसके साथ ही संस्थान द्वारा आयोजित पोस्टर मेकिंग, मेहंदी प्रतियोगिता, स्वच्छ भारत अभियान सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले प्रशिक्षणार्थियों को उनकी सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शील्ड एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ब्राइडल मेकअप एवं पार्टी मेकअप प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता एवं मेकअप कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का निर्णयन संगीत मेकअप स्टूडियो के श्री सुरेंद्र यादव एवं श्रीमती सपना चौरसिया द्वारा किया गया, जो निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे।
ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता में खुशबू वार्मिक ने प्रथम, रचना श्रीवास्तव ने द्वितीय एवं पूजा साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पार्टी मेकअप प्रतियोगिता में सुविधा ने प्रथम, वैष्णवी पारासर ने द्वितीय एवं आकांक्षा अहिरवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जिलाधीश श्री स्वप्निल वानखेड़े ने जन शिक्षण संस्थान द्वारा निरंतर संचालित किए जा रहे कौशल प्रशिक्षण एवं विभिन्न गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान महिलाओं एवं युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अच्छा कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि अपने द्वारा सीखे गए कौशल और हुनर को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखें, बल्कि उसे आगे बढ़ाकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ें।
जिलाधीश ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जब भी कोई नया कार्य शुरू करें तो कम से कम तीन वर्षों की तैयारी और लक्ष्य को ध्यान में रखकर आगे बढ़ें। निरंतर मेहनत, धैर्य और सही योजना के साथ अपने हुनर को आगे बढ़ाने से सफलता के नए अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जन शिक्षण संस्थान के अधिकारी, प्रशिक्षक, प्रशिक्षणार्थी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह के अंत में विभिन्न प्रशिक्षण एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रशिक्षणार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
Comments
Post a Comment