*राशन वितरण में गड़बड़ी करने वाले जाएंगे जेल,

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA 
शिवपुरी ब्यूरो महेंद्र खटीक 

*राशन वितरण में गड़बड़ी करने वाले जाएंगे जेल, प्रत्येक उचित मूल्य दुकान की होगी सघन निगरानी: कलेक्टर अर्पित वर्मा*

*राशन वितरण में अनियमितता पर सख्त कार्रवाई: 6 विक्रेताओं पर की वैधानिक कार्यवाही, भेजे गए जेल*

शिवपुरी, 03 सितम्बर 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा राशन वितरण व्यवस्था को सुगम और पारदर्शी बनाने और प्रत्येक पात्र हितग्राही को खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं तथा उनके द्वारा स्वयं इसकी निरंतर निगरानी भी की जा रही है। इसी क्रम में राशन वितरण में अनियमितता कर कानून-व्यवस्था भंग की स्थिति निर्मित करने वाले 6 राशन विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें सीधे जेल भेज दिया गया है।

*समीक्षा में सामने आई अनियमितता, विक्रेताओं को जेल भेजने की कार्रवाई*
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा द्वारा आज कोलारस एसडीएम कार्यालय में राशन वितरण की केंद्रवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान शासकीय उचित मूल्य दुकान बामोरखुर्द एवं श्रीपुरा में गंभीर गड़बड़ी उजागर हुई। जाँच में पाया गया कि दुकानों की पीओएस मशीन में राशन का इंद्राज दर्ज था, किंतु भौतिक सत्यापन के दौरान खाद्यान्न उपलब्ध नहीं मिला और न ही हितग्राहियों को इसका वितरण किया गया था। इस अनियमितता के कारण ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त हुआ, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था भंग होने की स्थिति निर्मित हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने तत्काल कड़ा रुख अपनाया और उनके निर्देशों पर बामोरखुर्द के विक्रेता माधौ सिंह यादव एवं श्रीपुरा के विक्रेता धनपाल सिंह के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोनों को सीधे जेल भेज दिया गया। इसके साथ ही शासकीय उचित मूल्य की दुकान अकोदा तहसील रन्नौद में भी राशन वितरण में अनियमितता पाए जाने पर विक्रेता गोलू लोधी के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।

*पिछोर अनुविभाग में 3 विक्रेताओं पर कार्रवाई*
इसी क्रम में अनुविभाग पिछोर के अंतर्गत राशन वितरण में अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर एसडीएम पिछोर द्वारा 3 अन्य राशन विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। इनमें शा. उचित मूल्य दुकान निवोदा के विक्रेता पुष्पेंद्र, शा. उचित मूल्य दुकान सिनावलकलां के विक्रेता भगवानलाल तथा शा. उचित मूल्य दुकान बघावारा  विक्रेता सतेंद्र शामिल हैं।

*बड़ोखरा में सेल्समैन का अवैध अतिक्रमण किया ध्वस्त*
इसके अलावा गत दिवस ग्राम बड़ोखरा (बदरवास) में कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के औचक निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने सेल्समैन पर फिंगरप्रिंट लगवाकर 3 माह से राशन न देने का आरोप लगाया, जिस पर उन्होंने स्वयं की निगरानी में हितग्राहियों को राशन बंटवाया और तहसीलदार सचिन भार्गव को दोषी सेल्समैन पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। दुकान विक्रेता लगातार अनुपस्थित है इस स्थिति में आज तहसीलदार सचिन भार्गव के नेतृत्व में टीम ने सेल्समैन के गृह ग्राम सेमरीपहुंचकर जांच की और कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि पर बना अवैध मकान जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। 

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं मैदान में जाकर एक-एक उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण करें और जहाँ भी राशन वितरण में कमी पाई जाए, वहाँ त्वरित जाँच की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों के हक का राशन हड़पने वालों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें सीधे जेल भेजा जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला, कोलारस एसडीएम श्री शिवदयाल धाकड़, खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी श्री तुलेश्वर कुर्रे, सहकारिता विभाग के अधिकारी तथा तहसीलदार कोलारस उपस्थित रहे।

Comments