नशा मुक्त दतिया संकल्प के साथ सांसद संध्या राय ने नशामुक्ति जागरूकता रथ एवं रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
खबर आपतक न्यूज़ इंडिय
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखान
नशा मुक्त दतिया संकल्प के साथ सांसद संध्या राय ने नशामुक्ति जागरूकता रथ एवं रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
नशे के विरुद्ध जन भागीदारी बढ़ाने का आवाहन छात्र-छात्राओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प
केंद्रीय एवं राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त भारत–नशामुक्त दतिया अभियान को सभी मिलकर सफल बनाएं – सांसद संध्या राय
दतिया। गांधी जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान एवं नशा मुक्त भारत अभियान की छठवीं वर्षगांठ तथा मध्य निषेध सप्ताह का शुभारंभ, (2 से 8 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत जिला प्रशासन, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नशामुक्ति जागरूकता रैली एवं जागरूकता रथ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दतिया-भिण्ड सांसद श्रीमती संध्या राय रहीं।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े, जिला पंचायत सीईओ शैलेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी विद्या मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी विक्रम बुंदेला सहित अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
महात्मा गांधी के चित्र पर किया पुष्पांजलि अर्पित
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अतिथियों का स्वागत जिला शिक्षा अधिकारी विद्या मिश्रा एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 की प्रधानाध्यापिका श्रीमती आकांक्षा रावत द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती संध्या राय ने कहा कि केंद्रीय एवं राज्य सरकार द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे नशामुक्त भारत एवं नशामुक्त दतिया अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर सहभागिता करनी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
नशामुक्ति रैली एवं जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
सांसद श्रीमती संध्या राय ने नशामुक्ति जागरूकता रथ एवं नशामुक्ति रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों के हाथों में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने वाले संदेश एवं स्लोगन लिखी तख्तियां थीं। विद्यार्थियों ने नशामुक्ति के नारे लगाकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
रैली के दौरान नशामुक्ति से संबंधित संकल्प एवं शपथ पत्र तथा जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।
पीतांबरा पीठ से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरी रैली
नशामुक्ति जागरूकता रैली मे 800 से अधिक विद्यार्थियों यथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, पीतांबरा पीठ से प्रारंभ होकर पीतांबरा मंदिर, राजगढ़ चौराहा, भैरव मंदिर एवं रिंग रोड होते हुए वापस विद्यालय परिसर में पहुंचकर समाप्त हुई।
रैली के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए “नशामुक्त परिवार–नशामुक्त समाज–नशामुक्त दतिया” का संदेश दिया गया।
हेल्पलाइन नंबरों का किया प्रचार-प्रसार
कार्यक्रम के दौरान नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों एवं उनके परिजनों को सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए नशा मुक्ति हेल्पलाइन नंबर 14446 तथा मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी दी गई। उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों को इन हेल्पलाइन नंबरों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रेरित किया गया।
800 से अधिक विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
रैली के समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विद्या मिश्रा ने विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वल्पाहार एवं पानी की बोतलें भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एस.के. वर्मा, प्राचार्य रामेश्वर दीक्षित, रविंद्र सिंह सेंगर, डॉ. अनिल दुबे, बबीता साहू, राघवेंद्र सेंगर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के युवा समन्वयक संजय रावत, बलराम शर्मा, राजीव लोचन शर्मा, सामाजिक न्याय विभाग से विनोद मिश्रा, कपिल दुबे, श्रीमती आकांक्षा रावत, मनीष शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत समर्पण नशा मुक्ति केंद्र के अध्यक्ष संजय भार्गव सहित नशामुक्ति क्षेत्र से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से जिले में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता को और व्यापक बनाने तथा नशामुक्त भारत एवं नशामुक्त दतिया के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

Comments
Post a Comment