मुख्यमंत्री जन विश्वास’ और ‘सेवा सेतु अभियान' के तहत शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण* *कलेक्टर वर्मा ने करैरा क्षेत्र के स्कूलों, आंगनवाड़ी एवं गौशाला का किया औचक निरीक्षण*

खबर आपतक न्यूज़ इंडिया
शिवपुरी ब्यूरो महेंद्र खटीक

*‘मुख्यमंत्री जन विश्वास’ और ‘सेवा सेतु अभियान' के तहत शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण* *कलेक्टर वर्मा ने करैरा क्षेत्र के स्कूलों, आंगनवाड़ी एवं गौशाला का किया औचक निरीक्षण*
शिवपुरी, 03 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत शनिवार को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने विकासखंड करैरा के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, आंगनवाड़ी केंद्र तथा गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, शैक्षणिक गुणवत्ता एवं स्वास्थ्य सेवाओं का सघन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। *सांदिपनि स्कूल करैरा का निरीक्षण; जल निकासी व रिचार्ज शाफ्ट हेतु आवश्यक निर्देश* कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने सांदिपनि मॉडल स्कूल (शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करैरा) का निरीक्षण कर कक्षाओं, सांस्कृतिक एक्टिविटी कक्ष, खेल मैदान, पेयजल व्यवस्था, वर्षा के पानी की निकासी व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्कूल में उपलब्ध फर्नीचर की स्थिति भी देखी। जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर श्री वर्मा ने रिचार्ज शाफ्ट के निर्माण हेतु स्थान चिन्हांकित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य द्वारा बताई गई समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने उन्हें समस्त समस्याएं लिखित में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके। *लोटनपुरा आंगनवाड़ी केंद्र में कम टीकाकरण पर जताई नाराजगी; दवा वितरण के निर्देश* कलेक्टर श्री वर्मा ने आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र लोटनपुरा (टीला) सेक्टर करैरा शहरी का निरीक्षण किया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सरिता राय से बच्चों के टीकाकरण के संबंध में जानकारी लेने पर कम टीकाकरण पाए जाने पर कलेक्टर श्री वर्मा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने उपस्थित सीडीपीओ से बच्चों को दिए जाने वाले भोजन, पूरक पोषण आहार, दवाओं की उपलब्धता तथा पिंक व ब्लू गोलियों के वितरण की स्थिति की समीक्षा की और शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। *ग्राम पंचायत टीला में गौशाला एवं एकीकृत शासकीय हाई स्कूल का निरीक्षण* इसके पश्चात कलेक्टर श्री वर्मा ने ग्राम पंचायत टीला स्थित गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गायों के रहने के स्थल, पशु आहार (चारे) की उपलब्धता, पीने के पानी तथा मवेशियों में लगे टैग की जानकारी ली एवं गौशाला संचालक से जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने एकीकृत शाला शासकीय हाई स्कूल टीला का भी निरीक्षण किया, जहाँ कक्षाओं में जाकर बच्चों से ब्लैकबोर्ड पर लिखे पाठ्य-विषय को पढ़वाकर शैक्षणिक स्तर परखा और छात्रों की उपस्थिति एवं शिक्षकों से आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

Comments