भक्तों को दर्शन देने पार्वती संग निकले महादेव, करन सागर में हुआ पार्थिव शिवलिंग का विसर्जन।

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA 
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव 
रिपोर्टर  चेतन दास सुखानी 

श्री बिहारी जी मंदिर में चला पांच दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण और रुद्राभिषेक का समापन

दतिया। श्रावण मास के पावन अवसर पर श्री बिहारी जी मंदिर में चल रहे पांच दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण कार्यक्रम का समापन गुरुवार को धार्मिक आस्था और उल्लास के साथ हुआ। अंतिम दिन पार्थिव शिवलिंग विसर्जन यात्रा निकाली गई, जिसमें पार्वती जी के साथ भगवान शिव की झांकी भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकली।
विसर्जन यात्रा की शुरुआत दोपहर 2 बजे श्री बिहारी जी मंदिर से हुई, जो तिगैलिया, टाउनहॉल, किला चौक होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची और वहां से करन सागर तालाब में पार्थिव शिवलिंग का विधिवत विसर्जन किया गया।
इससे पूर्व मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पार्थिव शिवलिंग निर्माण कर रुद्राभिषेक किया गया। यह अनुष्ठान आचार्य पं. कमलकांत तिवारी, मोहित नायक, अनूप पंडा, नमन गोस्वामी और राजीव पांडेय के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ पूजन किया और शोभायात्रा में भाग लिया। यात्रा मार्ग को भव्य रूप से सजाया गया था और जगह-जगह पुष्पवर्षा भी की गई।
पार्थिव शिवलिंग निर्माण के दौरान संगीतमयी भजनों का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक नीरज नयन शास्त्री और मनोज शुक्ला ने भक्तिमयी प्रस्तुतियां दीं। तबले पर संगत शिवम श्रीवास्तव ने दी। अंतिम दिन नगर परिक्रमा के बाद करन सागर तालाब में विधिपूर्वक पार्थिव शिवलिंगों का विसर्जन किया गया।
इस अवसर पर अंतिम दिन के यजमान निशा-राजेंद्र डेगरे (मुनीम), रवि भूषण खरे रहे। साथ ही संजय पांडे, हरिमोहन गुप्ता, महेश गुप्ता, अमित दीक्षित, नयन गोस्वामी, शुभ गुप्ता, हरी श्रीवास्तव, सीताराम, पवन गोस्वामी, राजू साहू, अंश ठाकुर, एनडी सेन, कुणाल पांडेय, संध्या गोस्वामी, रश्मि दीक्षित, मीरा गुप्ता, पार्थ गुप्ता, मेवा नौगरैया, महक ठाकुर, जूली गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Comments