KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी, रामलाल गौतम
दतिया, 05 फरवरी 2026। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. वर्मा ने आज दोपहर जिला चिकित्सालय दतिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला चिकित्सालय के साथ-साथ जिला क्षय (टीबी) विभाग का भी जायजा लिया और वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का अवलोकन किया।
डॉ. वर्मा ने ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी लैब तथा अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का निरीक्षण करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। जिला क्षय विभाग में उन्होंने टीबी रोगियों के पंजीयन, उपचार प्रक्रिया, दवाओं की उपलब्धता एवं रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभागीय कार्यप्रणाली पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, मरीजों को समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्टाफ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
डॉ. वर्मा ने यह भी निर्देशित किया कि टीबी मरीजों की नियमित फॉलो-अप, जांच एवं दवा वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही उन्होंने मरीजों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के अंत में डॉ. बी.के. वर्मा ने स्पष्ट किया कि जिला चिकित्सालय एवं जिला क्षय विभाग आम नागरिकों के स्वास्थ्य से सीधे जुड़े हुए हैं, इसलिए यहां व्यवस्थाएं दुरुस्त रहना अत्यंत आवश्यक है। भविष्य में भी नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।

Comments
Post a Comment